आस्ट्रेलियन ओपन की आधिकारिक वेबसाइट 'आस्ट्रेलियनओपन डॉट कॉम' के मुताबिक मंगलवार को खेले गए महिला वर्ग के मुकाबले में सेरेना ने चीन की मेंग यांग को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
मरे को रूमानिया के आंद्रेई पावेल के खिलाफ जीत मिली। हालांकि पावेल और मरे का मुकाबला पूरा नहीं हो सका क्योंकि चोट के कारण पावेल मुकाबले के बीच में ही हट गए। उस समय मरे 6-2, 3-1 से आगे चल रहे थे।
मरे पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए खेल रहे हैं। पिछले साल उन्हें साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम-अमेरिकी ओपन के फाइनल में रोजर फेडरर के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। फेडरर भी दूसरे दौर में पहुंच चुके हैं।
इसके अलावा, पुरुष वर्ग में 13वें वरीयता प्राप्त चिली के फर्नाडो गोंजालेज ने आस्ट्रेलिया के लेटन हेविट को 5-7, 6-2, 6-2, 3-6, 6-3 से पराजित किया। स्पेन के निकोलस अल्मार्गो भी चिली के निकोलस मासू को 6-4, 6-4, 3-6, 7-5, 6-3 से हराने में सफल रहे।
महिला वर्ग में सेरेना के अलावा उनकी बड़ी बहन वीनस दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं। वीनस ने जर्मनी की एंगेलीक केर्बर को 6-3, 6-3 से पराजित किया। चौथी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी एलिना दिमेंतिएवा भी दूसरे दौर में पहुंच गईं। उन्होंने जर्मनी की क्रिस्टिना बोरिएस को 7-6, 6-2, 6-1 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।