लंदन। इस साल जून-जुलाई में दक्षिण अफ्रीका में फुटबाल विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है। लाखों की संख्या में फुटबॉल प्रेमी यहां खेल का रोमांच देखने के लिए इकठ्ठा होंगे। जाहिर है, अगर लोग यौन सुख की ओर भागे तो एचआईवी का संक्रमण भी फैल सकता है। इसी को देखते हुए ब्रिटेन ने दक्षिण अफ्रीका को चार करोड़ से ज्यादा कंडोम मुहैया कराने का फैसला किया है।
फुटबॉल विश्व कप के दौरान ब्रिटेन सरकार ने आयोजक देश दक्षिण अफ्रीका को 4.2 करोड़ कंडोम मुहैया कराने का निर्णय लिया है। ब्रिटेन सरकार को अंदेशा है कि इस आयोजन के दौरान कम से कम 40 हजार वेश्याएं दक्षिण अफ्रीका पहुंच सकती हैं।
ऐसे में एचआईवी फैलने का खतरा काफी बढ़ जाएगा। इसे देखते हुए फुटबॉल मैचों के दौरान लोगों को कंडोम वितरित किए जाएंगे। हालांकि दक्षिण अफ्रीका का अनुमान है कि उस दौरान करीब एक अरब कंडोम की जरूरत पड़ेगी। आयोजक देश की सहयाता करने के लिए ब्रिटेन ने 10 लाख पाउंड खर्च कर चार करोड़ से ज्यादा कंडोम खरीदने का निर्णय लिया है।