कोलंबो टेस्ट : भारत के सामने 257 रनों का लक्ष्य (लीड-6)
मैच के चौथे दिन शुक्रवार को मेजबान टीम ने 267 रनों के कुल योग पर दूसरी पारी में अपना आखिरी विकेट गंवा दिया। अमित मिश्रा ने शानदार पारी खेल रहे असंथा मेंडिस को सुरेश रैना के हाथों कैच कराया।
मेंडिस ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 157 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए। मेंडिस ने थिलन समरवीरा (83) के साथ नौवें विकेट के लिए 118 रन और चनाका वेलेगेदारा के साथ अंतिम विकेट के लिए 24 रन जोड़े।
वेलेगेदारा चार रन पर नाबाद लौटे। मेजबान टीम ने समरवीरा के रूप में अपना नौवां विकेट गंवाया था। भारत के तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन ने नई गेंद के साथ गेंदबाजी करते हुए शतक की ओर बढ़ रहे थिलन समरवीरा को आउट किया था।
समरवीरा 139 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए। इससे पहले समरवीरा ने लसिथ मलिंगा (15) के साथ आठवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े थे। भारत की ओर से प्रज्ञान ओझा, वीरेंद्र सहवाग और मिश्रा ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि मिथुन को एक सफलता मिली।
श्रीलंका ने तीसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 45 रन बनाए थे। तीसरे दिन के दोनों विकेट सहवाग के खाते में गए थे। सहवाग ने थरंगा पारानाविताना (16) और तिलकरत्ने दिलशान (13) के सस्ते में आउट किया था।
चौथे दिन श्रीलंका ने समरवीरा और मेंडिस के अलावा कप्तान कुमार संगकारा (28), सूरज रांडीव (6), माहेला जयवर्धने (5), एंजेलो मैथ्यूज (5), प्रसन्ना जयवर्धने (0) और मलिंगा (15) के विकेट गंवाए। तीसरे दिन संगकारा 12 और रांडीव बिना खाता खोले नाबाद लौटे थे।
तीन मैचों की इस श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने गॉल में खेला गया पहला मुकाबला 10 विकेट से जीता था जबकि कोलंबो में ही खेला गया दूसरा मैच बेनतीजा समाप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications