भारतीय टीम ने हाल ही में तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में श्रीलंका पर शानदार जीत दर्ज की है। इससे पहले उसने श्रीलंका में ही खेले गए एशिया कप में खिताबी जीत दर्ज की थी।
ऐसी स्थिति में महेंद्र सिंह धौनी के साथी टेस्ट मैचों की अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार खेल से एकदिवसीय के लिए जरूरी 'तेजी' हासिल करते हुए जीत का लय जारी रखना चाहेंगे।
इस श्रृंखला के सभी मैच दाम्बुला स्थित रांगिरी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे। दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत 16 अगस्त को श्रीलंका के साथ होगी।
इस श्रृंखला में भारतीय टीम को अपने चार बड़े खिलाड़ियों-सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह, जहीर खान और गौतम गंभीर के बगैर चुनौती पेश करना होगी। तेंदुलकर, हरभजन और गंभीर को आराम दिया गया है जबकि जहीर चोट के कारण टेस्ट श्रृंखला में भी नहीं खेल सके थे।
जहीर और शांताकुमारन श्रीसंत की गैरमौजूदगी में भारतीय आक्रमण की जिम्मेदारी मुख्य रूप से आशीष नेहरा, प्रवीण कुमार और ईशांत शर्मा पर होगी। स्पिन गेंदबाज के तौर पर रवींद्र जडेजा और आर. अश्विन अपनी सेवाएं देंगे।
यह श्रृंखला भारत के स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह के लिए खास होगी क्योंकि इसके माध्यम से वह अपने बल्ले की खोई चमक हासिल करने का प्रयास करेंगे। युवराज को खराब प्रदर्शन और चोट के कारण टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम से बाहर रखा गया था।
भारतीय टीम का तीसरा मुकाबला 22 अगस्त को श्रीलंका के साथ और चौथा मुकाबला 25 अगस्त को न्यूजीलैंड के साथ होगा। खिताबी मुकाबला 28 अगस्त को खेला जाएगा।
भारतीय टीम- महेंद्र सिंह धौनी, वीरेंद्र सहवाग, आर. अश्विन, रवींद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, विराट कोहली, प्रवीण कुमार, अभिमन्यु मिथुन, आशीष नेहरा, प्रज्ञान ओझा, सुरेश रैना, ईशांत शर्मा, रोहित शर्मा, सौरव तिवारी और युवराज सिंह।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**