सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में चला है जयवर्धने और मुरली का जादू
मुरली ने भारत के साथ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने इस मैदान पर खेले गए कुल 24 मैचों में 166 विकेट हासिल किए।
किसी एक गेंदबाज द्वारा एक मैदान पर लिए गए विकेटों की यह सर्वाधिक संख्या है। टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट लेकर संन्यास लेने वाले मुरली ने यहां कुल 14 बार पारी में पांच और चार बार मैच में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।
इस लिहाज से श्रीलंका को दूसरे टेस्ट मैच में मुरली की कमी खलेगी। उनके स्थान पर ऑफ स्पिनर असंथा मेंडिस को टीम में शामिल किया गया है। मेंडिस ने इस मैदान पर एक मैच में आठ विकेट झटके हैं।
मौजूदा गेंदबाजों में रंगना हेराथ ने इस मैदान पर खेले गए छह मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए हैं जबकि लसिथ मलिंगा ने छह मैचो में 20 विकेट झटके हैं। चोट के कारण मलिंगा दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे।
विदेशी गेंदबाजों में भारत के अनिल कुंबले यहां सबसे सफल रहे हैं। कुंबले ने यहां चार मैचो में खेलते हुए कुल 16 विकेट अपनी झोली में डाले हैं। इस क्रम में न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी दूसरे स्थान पर हैं। विटोरी के नाम इस मैदान पर कुल 12 विकेट दर्ज हैं।
बल्लेबाजों में जयवर्धने ने अपने करियर के 25 फीसदी रन इसी मैदान पर बटोरे हैं। जयवर्धने ने यहां कुल 22 मैचों में की 33 पारियों में दो बार नाबाद रहते हुए 2467 रन बनाए हैं। इसमें नौ शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं।
इस क्रम में दूसरा नाम श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा का है, जिन्होंने इस मैदान पर अब तक खेले गए 17 मैचो में कुल 1603 रन अपने नाम किए हैं। संगकारा के बल्ले से इस मैदान पर छह शतक और चार अर्धशतक निकले हैं।
मौजूदा बल्लेबाजों में थिलन समरवीरा इस क्रम में तीसरे स्थान पर हैं। समरवीरा के बल्ले ने यहां 13 मैचो में 1153 रन बटोरे हैं। उन्होंने इस मैदान पर पांच शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं।
विदेशी बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर ने यहां सर्वाधिक रन बटोरे हैं। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बटोरने वाले तेंदुलकर ने यहां खेले गए चार मैचों में 495 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications