नई दिल्ली। रीयल मैडिड के स्टार पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो स्पेन के कर आधिकारियो के साथ टैक्स चोरी के मामले में दो साल के लिए जेल जाने के एक समझौते पर राजी हो गये हैं। इसके अलावा क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर 18.8 मिलियन यूरो (21.8 मिलियन डॉलर) जुर्माना भी लगाया है। 33 वर्षीय पुर्तगाली फुटबॉलर पर 14.7 मिलियन यूरो के टैक्स चोरी का आरोप है हालांकि अपने एजेंटों के माध्यम से उन्होंने इन आरोपो को खारिज कर दिया है।
फीफा वर्ल्ड कप 2018 में जीत की बड़ी दावेदार मानी जा रही पुर्तगाल टीम के स्ट्राइकर के लिए एक बेहद सुकून भरी खबर भी है। दरअसल स्पेनिश कानून के मुताबिक वह बिना जेल जाए भी 2 साल की सजा काट सकते हैं। रोनाल्डो पर चल रहे टैक्स संबंधित मामलों को लेकर स्पेनिश टैक्स एजेंसी समझौता करने के लिए पहले ही तैयार हो गई थी। खबरों की मानें तो स्पेनिश टैक्स एजेंसी के मुताबिक रोनाल्डो पर टैक्स हेराफेरी के चार मामले दर्ज थे।
BREAKING: Cristiano Ronaldo has been handed a suspended prison sentence for tax fraud, but will serve no jail time pic.twitter.com/pBMSCYPp15
— B/R Football (@brfootball) June 15, 2018
गौरतलब है कि हाल ही में फोर्ब्स ने दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो तीसरे स्थान पर थे। पिछले हफ्ते फोर्ब्स द्वारा जारी की गई सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट में रोनाल्डो की सालाना कमाई 724 करोड़ रुपए आंकी गई थी। इसके आधार पर देखें तो रोनाल्डो के लिए 21.8 मिलियन डॉलर चुकाना कोई बड़ी बात नहीं है।