हॉरिट्ज ने 'द संडे मेल' से बातचीत में कहा, "मुझे यह कहना अच्छा लगेगा कि मैं पूरी तरह फिट हूं और भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला खेलने को तैयार हूं। भारत के लिए रवाना होने में अभी भी सात सप्ताह बचे हैं। लेकिन इससे पहले मुझे अपना फिटनेस साबित करना होगा।"
उल्लेखनीय है कि हॉरिट्ज के घायल होने के चलते स्टीवन स्मिथ को पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में आस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया था। टेस्ट मैचों में आस्ट्रेलिया के सबसे उम्दा गेंदबाज माने जाने वाले हॉरिट़्ज ने कहा, "मैं इस सप्ताह 40 से 50 मिनट की पैदलचाल के साथ अभ्यास शुरू करूंगा। इसके बाद मैं धीमे-धीमे दौड़ने और फिर गेंदबाजी का अभ्यास करूंगा।"
आस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर एक अक्टूबर से मोहाली में पहला टेस्ट खेला जाने वाला है। इस दौरे के बाद आस्ट्रेलियाई टीम एशेज श्रृंखला में चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से नवम्बर महीने में भिड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।