राष्ट्रमंडल खेल : गिल ने बड़े खिलाड़ियों के हटने पर चिंता जाहिर की
गिल ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) यह सुनिश्चित करे कि नई दिल्ली में 3-14 अक्टूबर तक होने वाले इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में स्टार खिलाड़ी शिरकत करें।
गिल ने कहा कि यह देखना अफसोसजनक है कि इन दिनों दुनिया के सभी बड़े खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों को तवज्जो नहीं देते।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी तरणताल परिसर का उद्घाटन करते वक्त गिल ने कहा, "हमने विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाए हैं लेकिन यह देखना दुखदाई है कि इसमें दुनिया के श्रेष्ठ एथलीय हिस्सा नहीं लेंगे। हमें जानकारी मिली है कि कुछ बड़े नाम भारत नहीं आ रहे हैं।"
"ऐसा लग रहा है कि ओलंपिक खेलों के बाद एशियाई खेलों और यूरोपीयन चैम्पियनशिप को ही एथलीट और खिलाड़ी तवज्जो दे रहे हैं। सीजीएफ को इस संबंध में गौर करना चाहिए। यह गंभीर मसला है कि खिलाड़ी इन दिनों राष्ट्रमंडल खेलों के तवज्जो नहीं दे रहे हैं।"
गिल ने कहा कि सीजीएफ के प्रमुख माइकल फेनेल को यह तय करना चाहिए कि नई दिल्ली पहुंचने वाली टीमें अधिक से अधिक खिलाड़ियों के साथ पहुंचे न कि अधिक से अधिक संख्या में अधिकारियों के साथ।
गिल ने कहा, "फेनेल से मेरा यही आग्रह है कि वह कम से कम यह तय करें कि बोल्ट, फ्रेजर और होए जैसे खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों की शोभा बनें। इससे इन खेलों का भी सम्मान बढ़ेगा क्योंकि ये खिलाड़ी भारत में आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे।"
गिल ने कहा कि वह इस मुद्दे पर फेनेल और सीजीएफ के प्रमुख अधिकारियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन और समापन स्थल जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम अगले कुछ दिनों में पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications