Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

चैम्पियंस ट्वेंटी-20 लीग : दक्षिण अफ्रीकी लायंस से भिड़ंगे मुंबई के 'शेर'

जोहांसबर्ग, 9 सितंबर (आईएएनएस)। चैम्पियंस ट्वेंटी-20 लीग के दूसरे संस्करण का आगाज दक्षिण अफ्रीका क्लब लायंस और इंडियन प्रीमियर लीग के क्लब मुंबई इंडियंस के बीच शुक्रवार को जोहांसबर्ग के न्यू वांडर्स मैदान पर होने वाली रोचक भिड़ंत के साथ होगा।

मुंबई इंडियंस की कमान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के हाथों में है जबकि लायंस क्लब की कप्तानी की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी अल्वारो पीटरसन करेंगे। कद और प्रतिष्ठा के लिहाज से मुंबई की टीम का पलड़ा भारी है लेकिन लायंस क्लब के युवा खिलाड़ियों का जुझारूपन तेंदुलकर की टीम को चैन की सांस नहीं लेने देगा।

इस मैच के जरिए दर्शकों को शानदार फार्म में चल रहे तेंदुलकर के पहले ट्वेंटी-20 शतक का इंतजार होगा। तेंदुलकर ने हाल के दिनों में जिस अंदाज में टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों में बल्लेबाजी की है, उसे देखते हुए उनके लिए ट्वेंटी-20 शतक जड़ना कोई मुश्किल काम नहीं।

वैसे अपनी युवा टीम में तेंदुलकर ने हमेशा से एक ऐसे बल्लेबाज की भूमिका निभाई है, जो दूसरे छोर पर खड़े अपने साथी को बल्लेबाजी का अधिक से अधिक मौका देता है। ऐसे में आईपीएल-3 की तरह चैम्पियंस लीग में तेंदुलकर से कुछ बेहतरीन साझेदारियों की आस की जा सकती है।

चैम्पियंस लीग ने खुद को शोहरत की बुलंदियों को छू चुकी आईपीएल के बाद विश्व क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय गैर आधिकारिक ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के तौर पर स्थापित किया है। वर्ष 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था।

पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार इस कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है। पिछले वर्ष आस्ट्रेलियाई टीम न्यू साउथ वेल्स ने वेस्टइंडीज की घरेलू चैम्पियन टीम त्रिनिदाद एवं टोबैगो को हराकर खिताब जीता था।

चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

इस बार इंग्लैंड की कोई क्लब टीम चैम्पियंस लीग में नहीं खेल रही है। साथ ही साथ इस बार पिछले वर्ष की चैम्पियन टीम न्यू साउथ वेल्स को इस आयोजन में खेलने का हक नहीं मिल सका है।

10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।

वर्ष 2009 में चैम्पियंस लीग के अंतर्गत 60 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर थी। साउथ वेल्स टीम को 25 लाख डॉलर मिले थे जबकि त्रिनिदाद को 13 लाख डॉलर। इस बार भी विजेता और उपविजेता टीमों को इतनी ही पुरस्कार राशि मिलेगी।

इस आयोजन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ईएसपीएन-स्टार ने इसके एक संस्करण के वैश्विक प्रसारण के लिए 10 साल के लिए आईसीसी को 97.5 करोड़ डॉलर दिए हैं।

चैम्पियंस लीग-2010 के मैच भारतीय समयानुसार शाम पांच बजे से और रात नौ बजे से खेले जाएंगे। इनका प्रसारण ईएसपीएन और स्टार क्रिकेट चैनलों पर होगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:43 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+