पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अगले सत्र में पाकिस्तान के घरेलू मैचों की मेजबानी से इंकार कर दिया है। ईसीबी ने इस संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सूचित कर दिया है।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच जारी मौजूदा टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला उसी घरेलू श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले इंग्लैंड ने पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के बीच खेली गई टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रंखला की मेजबान की थी।
मार्च 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद टेस्ट खेलने वाले सभी देशों ने पाकिस्तान दौरे से इंकार कर दिया था। इसे देखते हुए पीसीबी ने अपने घरेलू मैचों का आयोजन इंग्लैंड एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कराने का फैसला किया था।
ईसीबी ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ खेली गई श्रृंखला वित्तीय लिहाज से भी उसके लिए फायदेमंद नहीं रही है। साथ ही पाकिस्तान-आस्ट्रेलिया श्रृंखला से भी उसे अपेक्षित फायदा नहीं हुआ।
ईसीबी ने कहा है कि अगर पीसीबी उसके सामने भारत और पाकिस्तान के बीच खेली जाने वाली श्रृंखला की मेजबानी का प्रस्ताव रखता है तो वह विचार कर सकता है। ईसीबी के मुताबिक भारत-पाक श्रंखला वित्तीय लिहाज से उसके लिए फायदेमंद रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।