मोहाली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को शेन वाटसन और साइमन कैटिच ने आस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में ठोस शुरुआत दी है। मेहमान टीम ने बिना कोई विकेट गवांए 61 रन बना लिए थे।
पहली पारी के आधार पर 23 रनों की बढ़त हासिल करन वाली आस्ट्रेलियाई टीम को वाटसन और कैटिच ने मनचाही शुरुआत दी। पहली पारी में शानदार शतक जड़ने वाले वाटसन 42 और कैटिच 9 रन बनाकर नाबाद हैं।
तीसरे दिन आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 428 रनों के जवाब में भारतीय टीम 405 रन बना सकी। इसमें सचिन तेंदुलकर के 98 रनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सचिन पूरी सूझबूझ के साथ अपने करियर के 49वें शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन वह मार्कस नॉर्थ की एक फिरकी को समझने में चूक गए और पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 189 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 98 रन बनाए।
सचिन के अलावा भारत की ओर से सुरेश रैना ने 86 और राहुल द्रविड़ 77 रनों का योगदान दिया। पहले दिन वीरेंद्र सहवाग ने 54 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली थी। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने 64 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा नॉथन हॉरिट्ज और डॉग बोलिंगर ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 428 रन बनाए थे। मेहमान टीम की ओर से वाटसन ने सर्वाधिक 126 और टिम पैन ने 92 रन बनाए थे। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने 71 रनों का योगदान दिया था। भारत की ओर से जहीर खान ने 30 ओवरों में 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट प्रज्ञान ओझा के नाम रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।