पुणे फ्रेंचाइजी की नीलामी में पवार परिवार शामिल नहीं : मोदी (लीड-2)
मोदी ने शुक्रवार को सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट ट्विटर पर जारी अपनी टिप्पणी में साफ शब्दों में लिखा है कि पवार और उनके परिवार का उस नीलामी से कोई संबंध नहीं। साथ ही यह भी सत्य है कि इस परिवार की किसी फ्रेंचाइजी में किसी प्रकार की हिस्सेदारी नहीं है।
मोदी की टिप्पणी, "पवार का परिवार इस मामले से बिल्कुल भी नहीं जुड़ा हुआ है। साथ ही मैं साफ करना चाहता हूं कि केंद्रीय कृषि मंत्री के परिवार की किसी फ्रेंचाइजी में कोई हिस्सेदारी नहीं है। पुणे फ्रेचाइजी के लिए बोली देशपांडे ने लगाई थी और वह भी पूरी तरह व्यक्गित हैसियत से। उन्होंने कहा था कि अगर वह टीम का मालिकाना हक पाने में सफल रहे तो वह उसे चलाने के लिए एक नई कंपनी गठित करेंगे।"
इससे पहले, पवार ने शुक्रवार को इस मामले में अपना पक्ष साफ करते हुए कहा कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य का आईपीएल से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। पवार के मुताबिक उनके परिवार के किसी सदस्य ने नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया है।
एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी की बोली में पवार और उनके परिवार के सदस्य परोक्ष रूप से शामिल थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस 'सिटी कार्पोरेशन' नामक कंपनी ने बोली लगाई थी उसके निदेशक मंडल में पवार, उनकी पत्नी और बेटी सुप्रिया सुले शामिल हैं। सुले सांसद भी हैं।
इस मसले पर विवाद खड़ा होता देख पवार ने संवाददाताओं से कहा, "जहां तक इस रिपोर्ट की बात है तो ऐसी बात दो महीने पहले भी मीडिया में आई थी। मैं कहना चहता हूं कि मेरा या मेरे परिवार का आईपीएल से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से कोई संबंध नहीं है।"
पवार ने माना कि पुणे फ्रेंचाइजी के लिए सिटी कार्पोरेशन की ओर से बोली लगाई थी लेकिन उन्होंने बोली की प्रक्रिया में स्वयं या परिवार के शामिल रहने की बात को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बोली व्यक्तिगत स्तर से लगाई गई थी और इसमें कंपनी का कोई निदेशक शामिल नहीं था।
पवार ने कहा, "पुणे टीम के लिए लगाई गई बोली में देशपांडे शामिल थे। देशपांडे ने व्यक्तिगत स्तर पर इस नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। कंपनी ने इस संबंध में अपना पक्ष साफ कर दिया था। उसने अपनी विज्ञप्ति के माध्यम से साफ कर दिया था कि देशपांडे व्यक्तिगत स्तर पर बोली में शामिल थे। इससे कंपनी का कोई संबंध नहीं था।"
सरकार द्वारा आईपीएल में बरती गई अनियमितता की जांच किए जाने और दोषियों को सजा दिए जाने के सवाल पर पवार ने कहा कि इसका क्रिकेट और क्रिकेटरों से कोई संबंध नहीं। बकौल पवार, "जांच होने दीजिए, हम इस पर नजर रखे हुए हैं। वैसे इसका क्रिकेट और क्रिकेटरों से कोई सीधा संबंध नहीं।"
इस बीच, मुंबई में पवार की सांसद पुत्री सुले ने भी कहा है कि देशपांडे ने व्यक्तिगत स्तर पर पुणे फ्रेंचाइजी के लिए बोली लगाई थी और उनके इस कदम का कंपनी के निदेशक मंडल ने विरोध किया था।
पूरे मामले को लेकर सुप्रिया ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि उनके परिवार का आईपीएल से कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि देशपांडे ने पुणे फ्रेंचाइजी के लिए व्यक्तिगत स्तर पर बोली लगाई थी और उनके इस कदम का कंपनी के निदेशक मंडल ने विरोध जताया था।
सुले ने कहा, "सिटी कार्पोरेशन में हमारी सिर्फ16 फीसदी हिस्सेदारी है और ऐसे में कंपनी के फैसले में हमारा दखल नहीं होता। बोली में मेरे परिवार की कोई भूमिका नहीं थी। मैंने पहले भी कहा है कि आईपीएल से हमारा कोई संबंध नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications