लॉर्ड्स टेस्ट : 205 रनों की बढ़त के साथ आस्ट्रेलिया मजबूत
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक आस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए थे। साइमन कैटिच 93 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि मिशेल जानसन ने दो रन बनाए हैं।
आस्ट्रेलिया शेन वॉटसन (31), कप्तान रिकी पोंटिंग (0), माइकल क्लार्क (12) और माइकल हसी (0) के विकेट गंवाए हैं। मोहम्मद आसिफ और उमर गुल ने दो-दो विकेट हासिल किए हैं।
इससे पहले आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने वॉटसन (40/5) के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की पहली पारी 148 रनों पर समेट दी। पाकिस्तान की ओर से सलमान बट्ट ने सर्वाधिक 63 रन बनाए।
चार वर्ष के बाद टेस्ट मैच खेल रहे कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी 31 रनों का योगदान दिया लेकिन बाकी के बल्लेबाज आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के आगे बुरी तरह नाकाम रहे।
इमरान फरहत (4), अजहर अली (16),उमर अमीन (1), उमर अकमल (5), कामरान अकमल (0), मोहम्मद आमेर (0), उमर गुल (7) और दानिश कनेरिया (14) ने निराश किया।
आस्ट्रेलिया की ओर से डगलस बोलिंगर और बेन हिल्फेनहास ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि जानसन को एक सफलता मिली।
आस्ट्रेलिया ने पहले दिन की समाप्ति तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 229 रन बनाए थे। मैच के दूसरे दिन उसकी दूसरी पारी 253 रनों पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से आमेर ने चार, आसिफ ने तीन, गुल ने एक और दानिश कनेरिया ने दो विकेट हासिल किए। आस्ट्रेलिया की ओर से कैटिच ने पहली पारी में 80 और माइकल हसी ने 56 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications