आईपीएल की बोली में पीटरसन और फ्लिंटाफ का जलवा (लीड-1)
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक, आईपीएल के दूसरे सत्र के लिए बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स ने पीटरसन को और चेन्नई सुपरकिंग्स ने फ्लिंटाफ को आईपीएल की अब तक की सबसे ज्यादा बोली लगाकर खरीद लिया। इससे पहले आईपीएल के पहले सत्र में भारतीय कप्तान धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स ने छह करोड़ रुपये में खरीदा था।
गोवा में शुक्रवार को लगी बोली में इंग्लैंड के इन दोनों स्टार खिलाड़ियों की बोली उम्मीद से भी ज्यादा लगाई गई। रॉयल चैलेंजर्स ने पीटरसन के लिए 15.5 लाख डॉलर यानी लगभग 7.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई। दूसरी ओर सुपरकिंग्स ने भी फ्लिंटाफ के लिए 15.5 लाख डॉलर यानी लगभग 7.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई। पीटरसन की बोली 13.5 लाख डॉलर और फ्लिंटाफ की बोली 950,000 डॉलर से शुरू हुई थी।
चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, "फ्लिंटाफ एक बेहतरीन हरफनमौला क्रिकेटर हैं। उनके आने से हमारी टीम और भी संतुलित हो जाएगी।"
रॉयल चैलेंजर्स के मालिक और उद्योगपति विजय माल्या ने कहा, "मैं पीटरसन को हमेशा से पसंद करता रहा हूं। उनके रूप में हमारी टीम में एक बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हुआ है। उनके आने से हमारी टीम की बल्लेबाजी और भी मजबूत होगी।" उन्होंने कहा कि टीम का कप्तान कौन होगा इसका फैसला टीम प्रबंधन करेगा।
इंग्लैंड के कई अन्य खिलाड़ियों को भी आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने हाथों हाथ लिया। प्रीति जिंटा की टीम किंग्स-11 पंजाब ने इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी रवि बोपारा को 450,000 डॉलर की बोली लगाकर खरीदा। दिल्ली की टीम डेल्ही डेयरडेविल्स ने भी इंग्लैंड के दो खिलाड़ियों पॉल कालिंगवुड और ओवैश शाह को खरीदा। डेल्ही डेयरडेविल्स की ओर से कालिंगवुड के लिए 275,000 डॉलर और शाह के लिए भी 275,000 डॉलर की बोली लगाई गई।
इनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जीन ड्यूमिनी को मुंबई इंडियंस ने 950,000 डॉलर यानी लगभग 4.60 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीद लिया। राजस्थान रॉयल्स के आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज शॉन टेट को 300,000 डॉलर यानी लगभग 1.82 करोड़ रुपये में खरीद लिया। हैदराबाद की टीम डेक्कन चार्जर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाड़ी फिडेल एडवर्ड्स को 150,000 डॉलर में खरीदा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications