युकी भांबरी को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। भारत की युवा तथा प्रतिभाशाली महिला टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी सोमवार से शुरू होने जा रहे साल के पहले ग्रैंड स्लैम-आस्ट्रेलियन ओपन के जूनियर वर्ग में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पिछले साल युकी आस्ट्रेलियन ओपन जूनियर वर्ग के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं। इसके बाद ओसाका मेयर कप तथा ऑरेंज बाउल चैंपियनशिप जीतने के बाद उन्हें जब वरीयता क्रम में दूसरा स्थान मिल गया, तब उनकी उम्मीदें और बलवती हो गईं।
एक साल के भीतर युकी ने जबरदस्त मेहनत की है। इसी कारण उनका मनोबल काफी ऊंचा हो गया है। मेलबर्न रवाना होने से पहले युकी ने आईएएनएस से कहा, "मैं नेशनल टेनिस कोर्ट के माहौल से परिचित हूं, इस लिहाज से मैं अच्छे प्रदर्शन को लेकर आशावान हूं।"
युकी को हालांकि इस बात का अंदाजा है कि इस वर्ष आस्ट्रेलियन ओपन में उन्हें कड़ी टक्कर मिलेगी। उन्होंने कहा, "शीर्ष-50 में शामिल हर खिलाड़ी सक्षम है और उसमें किसी को भी हराने की क्षमता है। इस लिहाज से इस बार भी मुझे कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा लेकिन तमाम मुश्किलों के बावजूद मैं ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए कटिबद्ध हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications