इंग्लैंड कप्तान फर्दीनांद चोटिल, विश्व कप से बाहर
By Ajay Mohan
oi-Ajay Mohan Verma
रस्टेनबर्ग। फुटबॉल के सबसे बड़े महासमर की शुरुआत से पहले ही इंग्लैंड फुटबॉल टीम को सबसे बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान रियो फर्दीनांद अभ्यास सत्र में चोटिल हो जाने के कारण फीफा विश्व कप से बाहर हो गए हैं।
इंग्लैंड के लिए सेंट्रल डिफेंडर पोजीशन से खेलने वाले फर्दीनांद को घुटने में चोट लगी है। उनकी इस चोट को लेकर इंग्लैंड खेमे में बेचैनी है। चोट के स्कैन की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इंग्लैंड टीम के कोच फेबियो कापेलो ने कहा है कि वह फर्दीनांद की चोट की गंभीरता को लेकर अभी कुछ नहीं कह सकते। प्राथमिक रिपोर्टों के आधार पर यही कह सकते हैं कि फर्दीनांद का खेलना मुश्किल है।
विश्व कप का आयोजन 11 जून से होना है। इंग्लैंड टीम गुरुवार सुबह ही यहां पहुंची। इंग्लैंड टीम विश्व कप के लिए रस्टेनबर्ग में डेरा डालेगी। यह स्थान जोहांसबर्ग से 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। इंग्लैंड को ग्रुप-सी में अल्जीरिया, अमेरिका और स्लोवानिया के साथ रखा गया है। इंग्लैंड को अपना पहला मैच रुस्टेनबर्ग के रॉयल बाफोकेंग स्टेडियम में 12 जून को अमेरिका के साथ खेलना है। अमेरिकी टीम पहले ही दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुकी है।