जोहांसबर्ग। बुलंद हौंसलों के साथ इंग्लैंड की 23 सदस्यीय मजबूत टीम फीफा विश्व कप-2010 के लिए गुरुवार सुबह दक्षिण अफ्रीका पहुंच गई। विश्व कप का आयोजन 11 जून से होना है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक स्टार स्ट्राइकर वायने रूनी की अगुआई में कोच फेबियो कापेलो की टीम ने गुरुवार सुबह आठ बजे जोहांसबर्ग के टाम्बो हवाई अड्डे पर कदम रखा। सुरक्षा के मद्देनजर खिलाड़ियों को किसी दूसरे रास्ते से हवाई अड्डे के बाहर ले जाया गया जबकि बड़ी संख्या में प्रशंसक मुख्य निकास द्वार के बाहर उनका इंतजार करते रहे।
इंग्लैंड की टीम विश्व कप के लिए रस्टेनबर्ग में डेरा डालेगी। यह स्थान जोहांसबर्ग से 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। इंग्लैंड को ग्रुप-सी में अल्जीरिया, अमेरिका और स्लोवानिया के साथ रखा गया है। इंग्लैंड को अपना पहला मैच रुस्टेनबर्ग के रॉयल बाफोकेंग स्टेडियम में 12 जून को अमेरिका के साथ खेलना है। अमेरिकी टीम पहले ही दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुकी है।