सिडनी वनडे: दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया को 3 विकेट से हराया (लीड-1)
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक सिडनी क्रिकेट मैदान पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत के लिए 270 रनों का लक्ष्य मिला था। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला मात्र 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद हर्शल गिब्स और जैक कैलिस ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। एक समय लग रहा था कि मैच दक्षिण अफ्रीका की पकड़ से बाहर जा रहा है लेकिन एल्बी मॉर्केल की धुआंधार पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका तीन विकेट से जीत गया। मॉर्केल ने मात्र 22 गेंदों पर 40 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके अलावा गिब्स ने 64 और कैलिस ने 60 रन बनाए।
आस्ट्रेलिया की ओर से नाथन हॉरिट्ज ने दो विकेट चटकाए। उनके अलावा शॉन टेट, नाथन ब्रेकन और मिशेल जॉनसन ने भी एक-एक विकेट लिया। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी मॉर्केल को उनके शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही दक्षिण पांच मैचों की सीरीज में अफ्रीका 2-1 से आगे हो गया है।
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को सलामी जोड़ी शॉन मार्श और डेविड वार्नर ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़े। अच्छी शुरुआत के बावजूद आस्ट्रेलिया का मध्यक्रम लड़खड़ा गया और मार्श तथा वार्नर को छोड़ कोई अन्य आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका। पूरी टीम 49.2 ओवरों में 269 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। वार्नर ने 69 और मार्श ने 43 रनों की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से जोहान बोथा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 32 रन देकर आस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। उनके अलावा डेल स्टेन और मखाया एंटिनी ने भी दो-दो विकेट झटके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications