ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक आज के सबसे प्रतिभाशाली फुटबाल खिलाड़ियों में शुमार रोनाल्डो ने साफ कर दिया है कि इंग्लैंड उनके लिए 'दूसरे' घर जैसा है और यही कारण है कि वे मैनचेस्टर युनाइटेड को अपनी सेवाएं देते रहना चाहते हैं।
पत्र ने मैनचेस्टर युनाइटेड क्लब की आधिकारिक वेबसाइट के हवाले से लिखा है, "खिलाड़ियों के एक क्लब से दूसरे क्लब में जाने को लेकर बातें चलती रहती हैं। आजकल मेरे बारे में भी बातें चल रही हैं लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि फिलहाल मेरा इंग्लैंड छोड़कर कहीं और जाने का कोई इरादा नहीं है।"
रोनाल्डो को वर्ष 2008 का सर्वश्रेष्ठ यूरोपीय फुटबाल खिलाड़ी चुना गया है। पिछले सत्र में उन्होंने इंग्लिश प्रीमियर लीग सहित सभी प्रतियोगिताओं में मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए 42 गोल किए थे। रोनाल्डो के शानदार प्रदर्शन के बूते मैनचेस्टर युनाइटेड पिछले सत्र में प्रीमियर और चैंपियंस लीग खिताब जीतने में सफल रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।