कराची, 11 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई पर हुए आतंकी हमलों के बाद कूटनीतिक स्तर भारत और पाकिस्तान के संबंधों में आई कटुता के कारण इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) में खेलने वाले दर्जनों पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भविष्य अंधकारमय होता दिख रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच खेल संबंध खत्म होने के कारण पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईसीएल प्रबंधन की ओर से बकाया पुरस्कार और मेहनताना राशि का भुगतान नहीं हो सका है।
आईसीएल से जुड़े एक पाकिस्तानी क्रिकेटर के मुताबिक खिलाड़ी कम से 40 लाख रुपये के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इस रकम को 20 खिलाड़ियों के बीच बांटा जाना है।
आईसीएल ने 20 पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ करार किया है। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) सभी पर प्रतिबंध लगा चुका है। ये खिलाड़ी किसी और क्रिकेट आयोजन में नहीं खेल सकते। ऐसी स्थिति में ये आईसीएल से होने वाली आय पर ही आश्रित हैं।
आईसीएल से जुड़े वाले खिलाड़ियों में मोइन खान, इंजमाम उल हक, मोहम्मद यूसुफ, इमरान फरहत, अब्दुल रज्जाक, मोहम्मद समी, शब्बीर अहमद और इमरान नजीर प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।