नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए खिलाड़ियों को उनके ठहरने के स्थान से अभ्यास स्थलों तक ले जाने और वापस लाने को लेकर अब तक कोई विस्तृत योजना तैयार नहीं की है।
ऐसे में जबकि खिलाड़ियों के भारत पहुंचने में एक सप्ताह से भी कम का समय रह गया है, पुलिस और आयोजन समिति की इस लापरवाही के कारण विदेशी खिलाड़ियों की तैयारियों पर फर्क पड़ सकता है।
पुलिस का कहना है कि आयोजन समिति ने उसे अब तक खिलाड़ियों के कार्यक्रम और उनकी यात्रा से जुड़ा विस्तृत विवरण नहीं सौंपा है। इसी वजह से खिलाड़ियों को अभ्यास स्थलों तक लाने और ले जाने की योजना तैयार करने में देरी हो रही है।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (ट्रैफिक) अजय चड्ढा ने आईएएनएस को बताया, "हमें आयोजन समिति की ओर से योजना संबंधी विवरण नहीं मिला है। खिलाड़ियों से जुड़ी कोई भी योजना बनाने से पहले हमें उनके कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसके जरिए ही यह तय किया जाएगा कि खिलाड़ियों को अभ्यास स्थलों तक ले जाने और लाने के लिए कितनी बसों की जरूरत होगी। इसी आधार पर ट्रैफिक व्यवस्था भी की जाएगी।"
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए खिलाड़ियों का 20 सितंबर से नई दिल्ली पहुंचना शुरू हो जाएगा। 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इस महाआयोजन में 53 देशों के 7000 खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
पुलिस ने बताया कि खिलाड़ियों को इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से होटल के कमरों तक पहुंचाने की योजना पर चर्चा हो चुकी है। चड्ढा ने कहा, "20 से 23 सितंबर तक रात के समय गेम-लेन आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसका कारण यह है कि विदेशों से आने वाली अधिकांश उड़ाने रात के वक्त ही नई दिल्ली पहुंचती हैं।"
पुलिस ने गेम-लेन के लिए ट्रायल पहले से ही शुरू कर दी है। इसकी आजमाइश कई चरणों में की जा रही है। इसके लिए सख्त नियम बनाए गए हैं और इसका उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। गेम-लेन में घुसने वालों के वोहन जब्त कर लिए जाएंगे और साथ ही उन पर 2000 रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
खिलाड़ियों को आयोजन स्थलों तक ले जाने और वापस लाने के लिए 25 मार्गो का चयन किया गया है। इन मार्गो पर मीडिया और तकनीकी स्टॉफ के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। 23 सितंबर से खिलाड़ियों, मीडिया और तकनीकी स्टाफ को इन मार्गो पर आवाजाही की सुविधा मुहैया हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।