...तो क्या इस वजह से 'हिटमैन' शर्मा को टेस्ट टीम में नहीं दिया जा रहा है मौका
नई दिल्ली। भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम की अगर बात करें तो रोहित शर्मा इस टीम की एक मजबूत कड़ी हैं। रोहित शर्मा का जब बल्ला चलता है तो टीम इंडिया जरूर मैच जीतती है। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 व वनडे सीरीज में शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले तीन मैचों के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया। दरअसल चयनकर्ताओं को भी वनडे और टी-20 में हिटमैन शर्मा से जितनी उम्मीदें हैं उतनी टेस्ट में उनसे नहीं हैं। बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब रोहित शर्मा को टेस्ट से बाहर किया गया हो बल्कि अगर सीधे तौर पर देखें तो उन्हें टेस्ट का बल्लेबाज माना ही नहीं जाता है। इसके कई कारण भी हैं।

इस साल टेस्ट में प्रदर्शनः
वनडे में इस साल कई शानदार शतक और धमाकेदार पारी खेलने वाले हिटमैन की अगर इस साल टेस्ट में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने इस वर्ष अब तक भारत के लिए सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले हैं जिसकी चार पारियों में उन्होंने 19.50 की औसत से सिर्फ 78 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट मैच में मौका नहीं दिया गया था।

रोहित का टेस्ट सफर
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर में अब तक कुल 25 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से उन्होंने भारतीय सरजमीं पर कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम पर 85.44 की औसत से 769 रन हैं। भारतीय धरती पर टेस्ट में उन्होंने तीन शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। वहीं विदेशी धरती की बात करें तो उन्होंने 16 टेस्ट मैचों में 25.35 की औसत से 710 रन बनाए हैं। विदेश में उन्होंने एक भी शतक टेस्ट में नहीं लगाया है जबकि चार अर्धशतक उनके नाम पर हैं। हालांकि अपने करियर के पहले टेस्ट मैच में रोहित ने 177 रन की पारी खेली थी और इसके ठीक बाद यानी इसी टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने नाबाद 111 रन की पारी खेली थी।

विदेशी सरजमीं पर फेल रहे हैं शर्माः
भारतीय सरजमीं पर रोहित शर्मा का टेस्ट में शानदार प्रदर्शन रहा है लेकिन विदेशी धरती पर वो शानदार प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। वनडे के इस धाकड़ बल्लेबाज के इस प्रदर्शन की वजह से ही उन्हें टीम में मौका नहीं मिलता है। हालांकि जब तीन टेस्ट मैचों के लिए टीम की घोषणा हुई तो रोहित ने एक ट्वीट करके कहा कि जल्द ही सूरज निकलेगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
