राष्ट्रमंडल खेल : भारत नहीं जाएंगी आस्ट्रेलियाई तैराक राइस
ओलंपिक खेलों में तीन स्वर्ण पदक जीत चुकीं राइस ने कंधे में चोट के कारण तीन से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होने वाले इस आयोजन से दूर रहने का फैसला किया है।
कैलीफोर्निया में पैन पैसेफिक तैराकी चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रहीं राइस ने कहा है कि वह अपने दाएं कंधे में चोट से हो रहे दर्द को अब और बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। इससे निजात पाने के लिए वह ऑपरेशन कराने जा रही हैं। यह ऑपरेशन 15 दिनों में होगा।
आस्ट्रेलियाई मीडिया ने 22 वर्षीया राइस के हवाले से लिखा है, "मेरे लिए यह निराशा की बात है लेकिन मुझे आगे की ओर देखना होगा। मेरे सामने लंदन में 2012 में होने वाला ओलंपिक है और उसके लिए मुझे फिट रहना होगा।"
भारत नहीं जाने के अपने फैसले की घोषणा के वक्त राइस अपने आंसुओं पर नियंत्रण नहीं रख सकी थीं। वह यह बात कहते-कहते आस्ट्रेलियाई टेलीविजन कर्मचारियों के सामने ही रो पड़ीं।
राइस ने बीजिंग ओलंपिक की 200 और 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण हासिल किया था। साथ ही उन्होंने 4 गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में भी स्वर्ण पदक जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications