कोलंबो, 4 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने पाकिस्तान दौरे से पहले भारत के साथ एकदिवसीय श्रंखला खेलने की इच्छा जताई है। श्रीलंकाई टीम को 20 जनवरी को पाकिस्तान रवाना होना है लेकिन वहां का बोर्ड उससे पहले भारत के साथ एकदिवसीय श्रंखला की मेजबानी का इच्छुक है।
श्रीलंका सरकार के खेल मंत्री जेमिनी लोकुगे ने रविवार को आईएनएस को बताया कि एसएलसी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सामने पांच एकदिवसीय मैचों की श्रंखला का प्रस्ताव रखा है और इस संबंध में उसे बीसीसीआई की ओर से सकारात्मक जवाब मिलने के आसार हैं।
लोकुगे ने कहा, "हम चाहते हैं कि इस महीने की 20 तारीख को पाकिस्तान रवाना होने से पहले हमारी टीम भारत के साथ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रंखला खेले। बीसीसीआई ने इस संबंध में अभी फैसला नहीं किया है लेकिन हमें उससे सकारात्मक जवाब का इंतजार है।"
लोकुगे ने उन खबरों का भी खंडन किया जिनमें कहा जा रहा है कि भारत और श्रीलंका आनन-फानन में एकदिवसीय श्रंखला का कार्यक्रम सिर्फ इसलिए बना रहे हैं क्योंकि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली श्रंखला का कार्यक्रम समय रहते तैयार न हो सके।
लोकुगे ने साफ किया कि उनकी टीम हर हाल में पाकिस्तान दौरे पर जाएगी लेकिन उससे पहले जो समय बचता है, उसी में वह भारत की भी मेजबानी करना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।