मैनचेस्टर सिटी की टीम फुटबॉल में ऐतिहासिक ट्रेबल हासिल करने से केवल एक गेम दूर है। इस टीम ने गुंडोगान के दो गोल की बदौलत एफए कप के फाइनल में शनिवार को मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम को 2-1 से हरा दिया। पेप ग्रार्डिओला के खिलाड़ियों ने इस डोमेस्टिक सीजन में वेंबली में अपना डबल पूरा कर दिया है और वे यूनाइटेड के बाद ऐसी दूसरी टूम बन सकती हैं जो एक ही सीजन में तीन खिताब जीत ले। इसको ही फुटबॉल में ट्रेबल कहते हैं।
अब सिटी की टीम एक सीजन में प्रीमियर लीग, एफए कप और चैम्पियंस लीग जीतने वाली टीम बन सकती है। इसके लिए उनको 10 जून को इंटर मिलान को हराकर पहली बार यूरोपियन चैम्पियंस बनना होगा। ताजा मैच में गुंडोगन ने एफए कप के फाइनल के इतिहास में सबसे तेज गोल करते हुए सिर्फ 12 सेकेंड के बाद गोल दाग दिया। ये मैनचेस्टर सिटी का 7वां टाइटल है।
भारत ने FIH प्रो लीग में ग्रेट ब्रिटेन को हराया, शूटआउट में जीता मुकाबला
गुंडोगन ने कहा, "हर कोई जानता है कि एफए कप दुनिया की सबसे खूबसूरत डोमेस्टिक क्लब प्रतियोगिता है, इसलिए इस ट्रॉफी को फिर से जीतना और डबल पूरा करना हमारे लिए अद्भुत है। अब हमारे पास कुछ खास करने और ट्रेबल जीतने का मौका है और हम इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहते।"
अब इस टीम के सामने केवल इंटर मिलान ही खड़ा हुआ है और मुकाबले एक सप्ताह के अंदर हो जाना है। अगर वे इस बाधा से पार पा गए तो ये इंग्लिश क्लब फुटबॉल में सबसे महान उपलब्धि को हासिल कर लेंगे।