जोहांसबर्ग, 7 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के नवोदित विस्फोटक बल्लेबाज जीन ड्यूमिनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगी अपनी ऊंची बोली से हैरान हैं। मुंबई इंडियंस ने 950,000 डॉलर की बोली लगाकर ड्यूमिनी के साथ अगले दो वर्षो के लिए अनुबंध किया है।
ड्यूमिनी ने कहा, "मैं इतनी उंची बोली से हैरान हूं। मैंने बस इतनी उम्मीद की थी कि मुझे अनुबंध मिलेगा। अब जब आईपीएल शुरू होगा तो मुझ पर बहुत दबाव होगा। "
ड्यूमिनी को हाल ही में आस्ट्रेलियाई दौरे के समय एकाएक लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने आस्ट्रेलियाई के खिलाफ लाजवाब प्रदर्शन किया था। यही वजह है कि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम का प्रबंधन और कप्तान ग्रिम स्मिथ इस उदीयमान क्रिकेट स्टार को मार्गदर्शन देंगे ताकि क्रिकेट के इस युवा स्टार के पांव कामयाबी की राह से भटक न जाएं।
दक्षिणी अफ्रीकी टीम प्रबंधन ने ड्यूमिनी का मार्गदर्शन करने की योजना बनाई है ताकि वह अपनी सफलता और लोकप्रियता को बरकरार रख सकें।
दक्षिण अफ्रीका के इस नए धाकड़ बल्लेबाज को मागदर्शन देने की शुरुआत खुद कप्तान स्मिथ कर रहे हैं। वह शनिवार को ड्यूमिनी के साथ केप टाउन में दोपहर का भोजन करेंगे और इस दौरान वह अपना अनुभव उनके साथ बांटेंगे।
टीम के कोच मिकी आर्थर ने कहा कि टीम प्रबंधन ने महसूस किया कि कम समय में मिली सफलता ड्यूमिनी के सिर चढ़ सकती है और इसी वजह से उनसे कई बार बात भी की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।