आस्ट्रेलियन ओपन : भारत के लिए कामयाबी का दिन, नडाल भी अंतिम चार में (राउंडअप)
दूसरी ओर, विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल, अमेरिका की महिला खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को अपनी छवि के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए एकल वर्गो के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
भारत के सबसे अनुभवी युगल विशेषज्ञ टेनिस खिलाड़ी पेस और उनके जोड़ीदार डुल्ही की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इटली के सिमोन बोलेली और एड्रिएस सेपी को 6-1, 7-6 (5) से पराजित किया।
भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा और दिग्गज युगल विशेषज्ञ महेश भूपति की जोड़ी भी मिश्रित युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल में पहुंच गई।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सानिया-भूपति की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने कनाडा की एलेक्सैंड्रा वोजनैक और डेनियल नेस्टर की जोड़ी को 3-6, 6-4, 10-5 से पराजित किया। अगले दौर में सानिया और भूपति का सामना डुल्ही और लेवेता बेनेसोवा से होगा। एकल और युगल वर्ग में सानिया की चुनौती समाप्त हो चुकी है।
बालकों के वर्ग में भारत के युकी भांबरी क्वार्टर फाइनल दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं। बुधवार को ही खेले गए रोमांचक मुकाबले में युकी ने क्रोएशिया के 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डीनो मार्कान को 6-3, 6-1 से हराया।
एकल वर्ग की बात करें तो खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे नडाल ने बुधवार को खेले गए एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फ्रांस के गिलीज सिमोन को 6-2, 7-5, 7-5 से पराजित किया।
पूरे मैच के दौरान नडाल पांच एस लगाने में सफल रहे जबकि सिमोन के रैकेट से चार एस निकले। इसी तरह नडाल ने जहां सिर्फ दो डबल फॉल्ट किए वहीं सिमोन ने चार बार डबल फॉल्ट किया।
नडाल के अलावा विश्व के 16वीं वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी स्पेन के वर्दास्को भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए वर्दास्को ने पिछले साल के उपविजेता पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्रांस के जो विल्फ्रेड त्सोंग को 7-6, (7-2) 3-6, 6-3, 6-2 से पराजित किया।
महिला वर्ग में नौ बार की ग्रैंड स्लैम विजेता सेरेना भी अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहीं। सेरेना ने कांटे की भिड़ंत में रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को 5-7, 7-5, 6-1 से पराजित किया।
वर्ष 2003, 2005 और 2007 में आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीत चुकीं सेरेना का सेमीफाइनल में रूस की एलेना दिमेंतिएवा से सामना होगा। दिमेंतिएवा स्पेन की कार्ला साउरेज नावारो को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इसके अलावा रूस की दिनारा सफीना और वेरा ज्योनारेवा भी अंतिम चार में जगह पक्की कर चुकी हैं।
मैच के बाद सेरेना ने कहा, "मैं जानती थी कि कुज्नेत्सोवा को हराना आसान नहीं होगा, लेकिन मैंने संयम बनाए रखा और अपना स्वाभाविक खेल दिखाया। मैं इस मुकाबले को तीन सेट तक खींचना चाहती थी। ऐसा तभी होता है, जब मैं लय में होती हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications