पत्नी ने लगाया मैच फिक्सिंग का आरोप, शमी बोले- "मर जाऊंगा, पर खेलना छोड़कर ऐसा काम नहीं करूंगा"

नई दिल्ली। पत्नी हसीन जहां द्वारा लगाए गए एक के बाद एक आरोपों के बाद से भारतीय क्रिकट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। हसीन जहां ने न केवल शमी पर बेवफाई के आरोप लगाए, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। यही नहीं उन्होंने शमी पर मैच फिक्सिंग तक के आरोप लगा दिए।

'शमी देश को भी धोखा दे सकता है'
हालांकि पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए शमी खुलकर मीडिया के सामने आए हैं। बता दें कि शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच चल रहा विवाद कोर्ट कचहरी की चौखट तक पहुंच गया है। हसीन जहां ने गुरुवार को कोलकाता के लाल बाजार थाने में मोहम्मद शमी के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। वाह क्रिकेट डॉट कॉम की खबर के मुताबिक शमी की पत्नी ने कहा है कि शमी ने दुबई में पाकिस्तानी लड़की से पैसे लिए हैं। हसीन जहां का कहना है कि शमी देश को भी धोखा दे सकता है।

'ऐसा करने के बजाय मरना पसंद करूंगा'
हालांकि अपने ऊपर लगे मैच फिक्सिंग के आरोपों को गलत बताते हुए शमी ने कहा है कि खेल के साथ समझौता करने के आरोप बेबुनियाद हैं और वह ऐसा करने के बजाय मरना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी हसीन जहां और उनके परिवार ने कहा था कि वे लोग हर मसले पर बैठकर बात करेंगे, लेकिन अब पता नहीं कि उनकी पत्नी को कौन भड़का रहा है।

पत्नी से मांफी मांगने के लिए तैयार हैं शमी
आपको बता दें कि इससे पहले शमी ने कहा था कि वह अपनी पत्नी हसीन जहां से माफी मांगने के लिए तैयार हैं। बता दें कि शमी और उनकी पत्नी के बीच विवाद सामने आने और इसके कानूनी रूप अख्तियार करने पर बीसीसीआई ने भी शमी को अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट से बाहर रख दिया है।

फेसबुक पर शमी के चैट जहां ने किए थे वायरल
मोहम्मद शमी की पत्नी और पूर्व मॉडल हसीन जहां ने मंगलवार को अपने पति पर कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध होने के आरोप लगाए थे। जहां ने अपने फेसबुक अकाउंट से कई तस्वीरें और चैट भी शेयर किए थे। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास उनके पति के खिलाफ कई ऐसे सबूत हैं जिससे ये बात साबित होती है कि उनके पति के कई एक्सट्रा मैरीटल अफेयर हैं। शमी की पत्नी ने शमी के कई लड़कियों से जिस्मानी रिश्ते होने और जहां के साथ घरेलु हिंसा के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
