कोहली-रहाणे के रन आउट से दुखी थे रोहित शर्मा, इसलिए नहीं मनाया शतक का जश्न
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए सीरीज के पांचवे मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पिछली सभी फ्लॉप पारियों को पीछे छोड़ते हुए शतक जड़कर भारत को सीरीज में अजेय बढ़त दिला दी। हमेशा देखा जाता है कि शतक जड़ने के बाद रोहित जमकर जश्न मनाते हैं लेकिन इस बार रोहित ने ऐसा नहीं किया जिससे सभी हैरान थे। अब रोहित शर्मा ने 5वें वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाए गए 17वें शतक के शांत जश्न का राज खोल दिया है। रोहित के साथ हुई गलतफहमी के कारण कप्तान विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे रन आउट हो गए थे। रोहित ने कहा कि 2 खिलाड़ियों के आउट होने के बाद दबाव उन पर आ गया था और वह अपनी लय को बरकरार रखने पर ध्यान देना चाहते थे।
दक्षिण अफ्रीका में पहली बार सीरीज जीत कर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया भले ही खुश हो लेकिन रोहित शर्मा उस समय थोड़े दुखी थे। रोहित ने मैच के बाद कहा, 'मुझसे पहले 2 खिलाड़ी रन आउट हो गए थे, इसलिए जश्न मनाने की कोई बात नहीं थी। यह निर्भर करता है कि आपका मूड किस तरह का है। 2 बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मैं सिर्फ अपनी लय को बरकरार रखना चाहता था और जश्न मेरे दिमाग में नहीं था।'
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ये भारत की किसी भी फॉर्मट में पहली सीरीज जीत है। काफी समय से अफ्रीकी सरजमीं पर फ्लॉप चल रहे रोहित शर्मा ने इसमें अहम योगदान दिया था और पांचवें वनडे में 115 रनों की पारी खेली थी। रोहित का यह दक्षिण अफ्रीका में पहला शतक भी है। रोहित ने कहा, 'मैं सिर्फ 3 मैचों में आउट हो गया था। आप 3 मैच बाद कैसे कह सकते हैं कि फॉर्म अच्छी नहीं है। आप लोग एक मैच के बाद खिलाड़ी को अच्छी फॉर्म में बता देते हैं और अगर कोई तीन मैच में अच्छा न करे तो उसे आप खराब फॉर्म में बता देते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
