एकदिवसीय क्रिकेट में भी महाराजा बनने की दहलीज पर मुरली
कराची , 23 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के दिग्गज स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन पाकिस्तान में ही वसीम अकरम को पीछे छोड़ एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच शनिवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर सीरीज का आखिरी मैच खेला जाना है। इस मैच में मुरली अगर पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों को पेवेलियन की राह दिखाते हैं तो एक दिवसीय क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले वह क्रिकेट इतिहास के दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे।
इससे पहले पाकिस्तान के धुरंधर गेंदबाज रहे वसीम अकरम एक दिवसीय क्रिकेट में 500 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। अकरम के नाम 502 विकेट दर्ज हैं।
मुरली लाहौर में अगर पांच विकेट झटक लेते हैं तो वह अकरम से आगे निकल जाएंगे और टेस्ट मैचों के बाद एक दिवसीय क्रिकेट में भी विकेटों के लिहाज से शिखर पर पहुंच जाएंगे।
श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान महेला जयवर्धने भी मुरली के कायल हैं। उन्होंने संवाददातओं से कहा, "यह एक महान क्षण होगा जब मुरली एकदिवसीय क्रिकेट में भी सर्वाधिक विकेट लेने का कीर्तिमान अपने नाम करेंगे।"
गौरतलब है कि मुरली अब तक 125 टेस्ट मैचों में 769 और 323 एकदिवसीय मैचों में 498 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications