त्रिकोणीय श्रृंखला : जिंबाब्वे से भिड़ेगी 'युवा' भारतीय टीम
क्वींस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जाने वाले इस मैच के जरिए भारतीय टीम प्रबंधन अपनी रणनीति के साथ-साथ युवा शक्ति की 'ताकत' को परखने का प्रयास करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे से खेला जाएगा।
वर्ष 2011 में भारतीय उपमहाद्वीप में होने वाले विश्व कप (50 ओवर) से पहले अपने बेंच-स्ट्रेंथ को आजमाने के लिहाज से यह श्रृंखला काफी उपयोगी साबित होगी। विश्व कप का आयोजन फरवरी-मार्च में भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में होना है।
यही कारण है कि इस श्रृंखला के लिए अपनी शानदार बल्लेबाजी से अहम मुकाम हासिल कर चुके युवा रैना को टीम की कमान सौंपी गई है जबकि नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और सचिन तेंदुलकर सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
विराट कोहली को भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान, आशीष नेहरा, हरभजन सिंह तथा प्रवीण कुमार इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। सहवाग, प्रवीण और गंभीर पूरी तरह फिट नहीं हैं।
शनिवार को खेले जाने वाले मैच की बात करें तो इससे पहले इस टीम ने कुल 11 मैच खेले हैं, जिनमें से एक में इसकी जीत हुई है। इसमें से चार हार बांग्लादेश के खिलाफ मिली है। इस लिहाज से एल्टन चिंगुम्बुरा की कप्तानी में खेल रही इस टीम को भारत जैसी सशक्त टीम को हराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा।
दूसरी ओर, रैना के लिए यह श्रृंखला यादगार रहेगी क्योंकि ट्वेंटी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद उनकी झोली में अल्पकालिक ही लेकिन कप्तानी आ गिरी। रैना 23 वर्ष 182 दिन की उम्र में नौवें सबसे युवा एकदिवसीय कप्तान बने हैं।
रैना मानते हैं कि यह श्रृंखला लंबे समय से टीम में स्थान पक्का करने का इंतजार कर रहे युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का मौका देगी। इस श्रृंखला की सफलता उनके लिए टेस्ट टीम का दरवाजा भी खोल सकती है।
खुद रैना भी इसी जमात में शामिल हैं। वह अपने हरफनमौला प्रदर्शन से एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 टीमें तो अपना स्थान पक्का कर चुके हैं लेकिन उनके हिस्से अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं आया है। रैना ने सर्वाधिक 73 एकदिवसीय मैच खेलने के बाद टेस्ट खेलने का युवराज सिंह का रिकार्ड तोड़ दिया है लेकिन अब वह ज्यादा दिनों तक टेस्ट टीम से खुद को दूर नहीं रखना चाहते।
इस श्रृंखला के बाद भारतीय टीम जिंबाब्वे के साथ दो ट्वेंटी-20 मैच खेलेगी। ये मैच 12 और 13 जून को हरारे में खेले जाएंगे। श्रृंखला की तीसरी टीम श्रीलंका है। श्रीलंका ने भी आगामी विश्व कप के मद्देनजर कप्तान कुमार संगकारा सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देते हुए तिलकरत्ने दिलशान की कप्तानी में एक युवा टीम जिंबाब्वे भेजी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications