केपटाउन। इसे फुटबॉल का बुखार नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे। फीफा विश्व कप में मैच खत्म होते ही पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने थूक भर दिया कि उनका थूक दुनिया भर में फैल गया। इस घटना का प्रसारण पूरी दुनिया ने टेलीविजन पर लाइव देखा। यही नहीं बुधवार को हर जगह आगे के मैचों के बजाए रोनाल्डो के थूक की चर्चा हुई।
हुआ यूं कि फीफा मंगलवार को स्पेन के खिलाफ 1-0 की हार का सामना करने के बाद मैदान से बाहर आ रहे कप्तान रोनाल्डो जरूरत से ज्यादा फ्रस्टेट थे। एक दिन पहले तक विश्व कप जीतने का सपना बुन रहे रोनाल्डो को यह हार हजम नहीं हुई। यही वजह थी कि उन्होंने मैच के बाद एक कैमरामैन के ऊपर कथित तौर पर थूक दिया।
रोनाल्डो पर आरोप है कि उन्होंने पहले कैमरामैन की ओर घूरकर देखा और फिर उसके पैर पर थूक दिया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रोनाल्डो ने ऐसा जानबूझकर किया या फिर अनजाने में उनसे ऐसा हो गया। दुनिया भर में जब इस घटना पर चर्चा शुरू हुई तो लोगों ने सीधा निशाना रोनाल्डो को बनाया। ट्विटर पर रोनाल्डो को 'लूज़र' करार दिया गया है। बहुत सारे ब्लॉग पर लिखा गया है कि पुर्तगाल की हार की वजह रोनाल्डो खुद हैं।