डरबन। फीफा विश्व कप 2010 के दूसर सेमीफाइनल में तीन बार विश्व विजेता रही जर्मनी की भिड़ंत यूरोपियन चैंपियन स्पेन से बुधवार को होगी। स्पेन ने वर्ष 2008 में जर्मनी को हराकर ही यूरो कप खिताब जीता था। अब उस हार का बदला लेने का मौका जर्मनी के पास आ गया है, जिसे वो बुधवार को पूरा करेगी। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम फाइनल में नीदरलैंड्स से भिड़ेगी।
स्पेन की टीम अभी तक एक बार भी विश्व कप नहीं जीत सकी है। लिहाजा इस बार वो कप के लिए जान लड़ा देगी। अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से विशेषज्ञ जर्मनी को इस मैच का विजेता मान रहे हैं लेकिन स्पेन की टीम को कमतर आंकना जर्मनी के लिए भूल हो सकती है क्योंकि वह अभी शानदार फार्म में है।
क्लिक करें- फीफा विश्व कप 2010 स्पेशल पेज
दोनों टीमों की काबीलियत की बात करें तो स्पेन की जहां रक्षा पंक्ति को भेदना टेढ़ी खीर है, वहीं जर्मनी के तेज तर्रार खिलाड़ी अपना गेम इतना तेज खेलते हैं, कि उनसे भिड़ना आसान नहीं होता।
ग्रुप स्तर में जर्मनी ने दो मैच जीते थे जबकि सर्बिया के खिलाफ उसे चौंकाने वाली हार मिली थी। उसने आस्ट्रेलिया को 4-0 से और घाना को 1-0 से हराया था लेकिन सर्बिया ने उसे 1-0 से पराजित किया था। ग्रुप स्तर में स्पेन को भी ऐसे ही नतीजे से दो-चार होना पड़ा था। उसे पहले मैच में स्विट्जरलैंड के हाथों 0-1 से हार मिली थी जबकि उसने अपने दूसरे मैच में होंडूरास को 2-0 से और तीसरे मैच में चिली को 2-1 से पराजित किया था।