त्श्वाने/प्रीटोरिया। फीफा विश्व कप में रविवार को घाना की टीम ने सर्बिया के खिलाफ चौंकाने वाली जीत दर्ज की। घाना ने सर्बिया को 1-0 से हराकर साबित कर दिया कि वो इस बार पूरा होमवर्क करके आयी है।
लोफ्ट्स वर्सफील्ड स्टेडियम में ग्रुप-डी मुकाबले में इस विश्व कप की सबसे युवा टीम घाना ने जानकारों की भविष्यवाणी को झुठलाते हुए यह जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र गोल फ्रांस के रेनेस क्लब के लिए खेलने वाले फारवर्ड खिलाड़ी असामोह ग्यान ने 85वें मिनट में किया। यह गोल पेनाल्टी के माध्यम से किया गया। इस जीत ने घाना को ग्रुप-डी में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है।
पढ़ें- फीफा विश्व कप की अन्य खबरें
ग्यान द्वारा किए गए गोल के साथ ही घाना के प्रशंसकों की खुशी देखने लायक थी। दूसरी ओर, अपनी टीम की बड़ी जीत की उम्मीद लगाए सर्बिया के प्रशंसक निराशा के समुद्र में डूबते नजर आए। घाना ने अपनी प्रतिष्ठा के विपरीत सर्बिया को कड़ी टक्कर दी। यही कारण था कि मध्यांतर तक सर्बियाई टीम एक भी गोल नहीं कर सकी थी।