जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप-2010 के दूसरे दिन शनिवार को एलिस पार्क स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में डिफेंडर गैब्रिएल हेइंज के शानदार गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने नाइजीरिया को 1-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ अर्जेंटीना के खाते में 3 अंक गए।
इस साल खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही अर्जेंटीना टीम ने पहले हाफ में ही गोल दाग दिया और दूसरे हाफ में नाइजीरिया को गोल करने का एक भी मौका नहीं दिया। मैच का एक मात्र गोल छठे मिनट में हुआ। अनुभवी मिडफील्डर जुआन वेरॉन द्वारा लिए गए कार्नर पर तेज तर्रार डिफेंडर गैब्रिएल हेइंज ने हेडर के जरिए एक बेहतरीन गोल किया। पहले गोल के बाद अर्जेटीना खेमे की खुशी देखने लायक थी।
क्लिक करें: फीफा 2010 स्पेशल पेज
कोच मैराडोना ने इस पल का जमकर लुत्फ उठाया। वह काफी खुश नजर आए। स्टेडियम में मौजूद हजारों अर्जेटीना प्रशंसक भी टीम की इस खुशी पर झूमते नजर आए। पूरे मैच के दौरान अर्जेटीना के तेजतर्रार खिलाड़ी नाइजीरियाई खिलाड़ियों पर हावी दिखे। यही कारण था कि अर्जेटीना ने 10 कार्नर हासिल किए जबकि नाइजीरिया की टीम सिर्फ चार कार्नर ही हासिल कर सकी।
मैच के दौरान 58 फीसदी समय तक गेंद अर्जेटीना के खिलाड़ियों के पास रही और इस दौरान उन्होंने 20 से अधिक मौकों पर नाइजीरियाई गोलपोस्ट पर धावा बोला। इस क्रम में अर्जेटीना के स्टार स्ट्राइकर दो मौकों पर बहुत कम अंतर से गोल करने से चूके।
फीफा विश्व कप में अर्जेटीना की टीम लगातार तीसरी बार अपना पहला ग्रुप मैच नाइजीरिया के साथ खेल रही थी। वर्ष 2002 और 2006 में भी उसने अपने अभियान की शुरुआत नाइजीरिया को हराकर की थी। अर्जेटीना ने पहला मैच 1-0 से और दूसरा मैच 2-1 से जीता था। इस तरह अर्जेटीना ने नाइजीरिया के खिलाफ उद्घाटन मुकाबले में जीत की हैट्रिक बनाई।