त्रिकोणीय श्रृंखला : पहले झटके के बाद संभला जिंबाब्वे (लीड-4)
मेजबान टीम ने 14 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज हेमिल्टन मासाकाद्जा (3) का विकेट गंवा दिया था लेकिन उसके बाद ब्रेंडन टेलर और चामू चिभाभा ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
जिंबाब्वे की टीम ने 16 ओवरों की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 82 रन बना लिए हैं। टेलर ने 47 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए हैं जबकि चिभाभा 34 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की सहायता से 28 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने 47.5 ओवरों में अपने सभी विकेट गंवाकर 236 रन बनाए। कप्तान तिलकरत्ने दिलशान ने सर्वाधिक 78 रनों का योगदान दिया जबकि उपुल थरंगा ने 69 रन जोड़े।
दिलशान ने 66 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के लगाए जबकि थरंगा ने 97 गेंदों पर पांच बार गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़े।
इसके बाद हालांकि श्रीलंका के बल्लेबाज जिंबाब्वे की कसी हुई गेंदबाजी के आगे बेबस हो गए। यही कारण रहा कि छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके जबकि चमारा कापूगेदेरा (12) और थिलन समरवीरा (16) जैसे दिग्गज भी सस्ते में धराशाई हो गए।
जिंबाब्वे की ओर से क्रिस मोफू, प्रॉस्पर उत्सेया और ग्रीम क्रेमर ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं जबकि मासाकाद्जा और रे प्राइस ने एक-एक विकेट झटका।
परिणाम के लिहाज से यह मैच महज औपचारिकता है क्योंकि दोनों ही टीमें फाइनल में पहुंच चुकी हैं। तीसरी टीम के तौर पर टीम इंडिया अपने तीन मैच गंवाने के बाद श्रृंखला से बाहर हो चुकी है।
ऐसे में इस मैच में मिली जीत नौ जून को होने वाले फाइनल के लिहाज से जीतने वाली टीम को मनोबल प्रदान करेगी। खिताबी मुकाबला आगामी बुधवार को इसी मैदान पर खेला जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications