कोलंबो टेस्ट : संगकारा आउट, जयवर्धने का शतक (लीड-3)
स्थानीय सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर दूसरे दिन संगकारा के दोहरे शतक के बाद जयवर्धने ने भी शतक जड़ दिया। यह उनके करियर का यह 28वां शतक हैं। इससे पहले संगकारा ने दोहरा शतक लगाया। यह संगकारा के टेस्ट करियर का 23वां शतक और सातवां दोहरा शतक था। श्रीलंकाई कप्तान 219 रनों के निजी स्कोर पर वीरेंद्र सहवाग की गेंद पर राहुल द्रविड़ के हाथों लपके गए। वह खेल के पहले दिन 130 रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे।
बेजान दिख रही भारतीय गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई टीम ने भोजनकाल के ठीक बाद 500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। जयवर्धने 102 और थिलन समरवीरा 23 रन बनाकर नाबाद हैं। मेजबान टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 312 रन बनाए थे। पहले दिन श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों थरंगा पारानाविताना (100) और तिलकरत्ने दिलशान (54) ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े थे जबकि पारानाविताना ने संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 174 रन जोड़े थे।
खेल के पहले दिन मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को अनफिट होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा। गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है। तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications