नई दिल्ली। भारतीय फुटबाल टीम को फीफा की ताजा रैंकिंग में दस स्थानों का नुकसान हुआ है। हाल ही में जारी हुई फुटबॉल की विश्व नियामक संस्था-फीफा की रैंकिंग में भारतीय फुटबॉल टीम 10 स्थान नीचे फिसलते हुए 107वें स्थान पर पहुंच गई है।
पिछले महीने 97वें स्थान पर रहीं भारतीय टीम ने इस दौरान खेले गये तीन मैचों में से दो जीत दर्ज की और एक मैच ड्रा रहा। भारत ने तीन देशों की टूर्नामेंट में मॉरीशस को हराने के बाद सेंट किट्स एंड नेविस से ड्रा खेला था।
आपको बता दें कि इसके बाद भारत ने 2019 एएफसी एशिया कप क्वालीफिकेशन के तीसरे दौर में मकाऊ को विदेशी जमीं पर मात दी थी। मई के बाद से पहली बार भारत फीफा रैंकिंग में शीर्ष 100 टीमों की रैंकिंग से बाहर हुआ है। वहीं जुलाई में भारतीय टीम सर्वश्रेष्ठ 96वें रैंकिंग तक पहुंची थी।