केपटाउन। दक्षिण अफ्रीका में 11 जून से शुरू हो रहे फुटबॉल विश्व कप को देखने के लिए दुनिया भर से लाखों की तादाद में लोग यहां आ रहे हैं। फीफा की आयोजन समिति ने काफी पहले से आशंका व्यक्त कर रखी है कि इस महासमर के दौरान देह व्यापार भी जमकर होगा। एचआईवी एड्स जैसी यौन जनित बीमारियों से बचने के लिए फीफा समिति ने लोगों को सलाह दी है कि देह व्यापार से बच कर रहें।
फीफा समिति का अनुमान है कि इस अगले एक महीने में यहां 8 लाख से ज्यादा सेक्स वर्कर्स आएंगी। ऐसे में लोगों को बच कर रहना होगा। सैलानियो के लिए जारी की गई बुकलेट के पहले पृष्ठ पर लिखा है- प्रॉस्टिट्यूशन ग्लैमर से भरा रोमांस या पैसा नहीं। यह आपको एड्स जैसी घातक बीमारियां दे सकता है।
यह बुकलेट सिर्फ उन सैलानियों के लिए नहीं है, जो यहां मैच देखने आएंगे, बल्कि यहां आने वाली सेक्स वर्कर्स के लिए भी है। बुकलेट में उनसे अपील की गई है कि यदि वो दक्षिण अफ्रीका में किसी के साथ शारीरिक संबंध स्थापित करें तो कंडोम व अन्य कॉन्ट्रासेप्टिव का इस्तेमाल जरूर करें। फीफा आयोजन समिति ने इन बुकलेट्स के साथ मुफ्त कंडोम वितरित करने का भी फैसला किया है।
इस साल विश्व कप के दौरान 4.5 करोड़ कंडोम वितरित किए जाएंगे। यह सब इसलिए किया जा रहा है, ताकि दक्षिण अफ्रीका में एड्स जैसे यौन जनित रोग न फैलें।