मेड्रिड। फीफा विश्व कप के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में पराग्वे को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली स्पेन की टीम मीडिया में छायी हुई है। स्पेन के सभी अखबार, टेलीविजन चैनल, वेबसाइट अपनी टीम की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। आखिर क्यों न हो स्पेन की टीम 60 साल के बाद सेमीफाइनल में पहुंची है।
इस जीत से खुश मेड्रिड रेडिया स्टेशन 'कैडेना कोप' ने अपनी उद्घोषणा में कहा, "इस पल का हम 60 वर्षो से इंतजार कर रहे थे।" स्पेन की टीम साठ साल में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची है। वह इससे पहले चार बार क्वार्टर फाइनल में हार चुकी है। उसकी हार हर बार विवादों में रही है, लेकिन इस बार डेविड विला के गोल ने उसे अंतिम-चार में पहुंचा दिया।
क्लिक करें- फीफा 2010 स्पेशल पेज
समाचार पत्र 'मार्का' ने अपने प्रथम पृष्ठ पर लिखा है, "स्पेन की सभी जिंदगियां इसी तरह के दिन का सपना देख रही थीं।" अन्य समाचार पत्रों ने लिखा है कि इस तरह के मैचों में इससे पहले स्पेन को हार का सामना करना पड़ा है लेकिन इस बार खिलाड़ियों ने चूक का एक भी मौका नहीं छोड़ा और इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल को लेकर स्पेन की मीडिया ने राष्ट्रीय टीम के प्रबंधक विंसेंट डेल बॉस्क का वह बयान प्रकाशित किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर स्पेन की टीम 2008 यूरो चैम्पियनशिप में जर्मनी को हरा सकती तो फिर इस बार क्यों नहीं।
सेमीफाइनल में स्पेन का सामना जर्मनी के साथ होगा। जर्मनी ने शनिवार को केपटाउन में दो बार के चैम्पियन अर्जेटीना को अपने शानदार खेल के बूते 4-0 से पराजित किया।