Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

मोहाली टेस्ट : 350 रनों का लक्ष्य देना चाहेगा भारत (राउंडअप)

इसके लिए भारतीय टीम को अंतिम दिन के पहले सत्र में तेजी से रन बटोरने होंगे। जाहिर तौर पर इसमें युवराज सिंह की भूमिका काफी अहम होगी, जो 39 रन पर नाबाद हैं। युवराज से पहले वीरेंद्र सहवाग से ताबड़तोड़ पारी की आशा की जा रही थी लेकिन वे निराशाजनक तौर पर रन आउट हो गए।

बहरहाल, चौथे दिन स्टंप्स तक भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 134 रन बनाए। तीसरे सत्र के अंतिम एक घंटे का खेल खराब रोशनी के कारण नहीं हो सका। पहली पारी के आधार पर 151 रनों की बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम की कुल बढ़त 285 रनों की हो गई है।

पहली पारी में 179 रनों की बेशकीमती पारी खेलने वाले सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 155 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 44 रन बनाए हैं जबकि युवराज 40 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के के साथ नाबाद हैं।

भारतीय टीम ने सहवाग (17), पहली पारी में शतक लगाने वाले राहुल द्रविड़ (0), सचिन तेंदुलकर (5) और वी.वी.एस लक्ष्मण (15) के विकेट गंवाए हैं। सहवाग जहां 30 रन के कुल योग पर इयान बेल द्वारा रन आउट किए गए वहीं 36 के कुल योग पर द्रविड़ को स्टुअर्ट ब्रॉड ने बोल्ड किया। तेंदुलकर को जेम्स एंडरसन ने ग्रीम स्वान के हाथों कैच कराया। लक्ष्मण भी रन आउट हुए।

इससे पहले, स्टार स्पिनर हरभजन सिंह (68/4) और तेज गेंदबाज जहीर खान (76/3) की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत भारत ने भोजनकाल से ठीक पहले इंग्लैंड की पहली पारी 302 रनों पर समेट दी। अपनी पहली पारी में 453 रन बनाने वाली भारतीय टीम की ओर से स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा और ईशांत शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया।

इंग्लैंड की टीम ने तीसरे दिन के अपने स्कोर छह विकेट पर 282 रन से आगे खेलना शुरू किया। चौथे दिन इंग्लैंड ने पहला विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर (2) के रूप में गंवाया। यह विकेट 285 रनों के कुल योग पर गिरा। प्रायर को हरभजन ने विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया।

इसके बाद हरभजन ने ब्रॉड (1) को भी चलता कर दिया। ब्रॉड 290 के कुल योग पर क्लीन बोल्ड हुए। स्वान (1) और मोंटी पनेसर (3) भी कुछ खास नहीं कर सके और इस तरह इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन के अपने स्कोर में 20 रन जोड़ने के बाद पेवेलियन लौट गई। तीसरे दिन दो रन बनाकर नाबाद लौटने वाले एंडरसन (8) अंत तक आउट नहीं हुए।

तीसरे दिन की तरह चौथे दिन भी घने कोहरे के कारण खेल शुरू होने में देरी हुई। पिछले दो दिनों से मैच शुरू होने में देरी हो रही है और यही कारण है कि भोजनावकाश और चायकाल के समय में परिवर्तन किया गया है। तीसरे दिन निर्धारित समय तक खेल हुआ लेकिन चौथे दिन लगभग 13 ओवर पहले ही खेल समाप्त कर देना पड़ा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+