फीफा विश्व कप: अंतिम-16 में अर्जेटीना और दक्षिण कोरिया (लीड-2)
पोरोक्वे /डरबन, 23 जून (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप में मंगलवार को अर्जेटीना के सहारे दक्षिण कोरिया भी अंतिम-16 में पहुंच गई। अर्जेटीना की टीम अगले दौर में पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
अर्जेटीना का शानदार प्रदर्शन मंगलवार को ग्रीस के खिलाफ मैच में भी दिखा। डिएगो माराडोना की इस टीम ने ग्रीस को 2-0 से मात दी। लियोनेल मेसी और उनके साथियों ने दोनों ही गोल बड़े आराम से किए और जवाब में ग्रीस की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
वैसे इस मैच में माराडोना ने कई बदलाव किए थे। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले गोंजालो हिगुएन, कप्तान जेवियर मास्चेरानो और स्ट्राइकर कालरेस तेवेज को आराम दिया गया था। टीम में कई नवोदित खिलाड़ी नजर आए।
पोरोक्वे के पीटर मोकाबा स्टेडियम में पहले हाफ में तमाम कोशिशों के बावजूद अर्जेटीना की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। परंतु दूसरे हाफ में टीम ने ग्रीस पर हमले और तेज किए। खेल के 77वें मिनट में मार्टिन डीमिचेलिस ने गोल करके अर्जेटीना को 1-0 से बढ़त दिला दी। खेल खत्म होने से ठीक पहले मार्टिन पोलेर्मो ने गोल किया और अर्जेटीना ने 2-0 से यह मैच अपने नाम कर लिया।
लीग मुकाबलों में अर्जेटीना की टीम ने तीनों मैच जीते हैं और उसके पास कुल नौ अंक हैं। इस हार के बाद वर्ष 2004 की यूरो चैम्पियन ग्रीस का अभियान खत्म हो गया।
उधर, मंगलवार को ही दक्षिण कोरिया और नाइजीरिया के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। इसके साथ ही दक्षिण कोरिया अंतिम-16 में पहुंच गई।
खेल के 12वें मिनट में ही कालू उचे ने गोल करके नाइजीरिया को बढ़त दिला दी। इसके बाद खेल के 38वें मिनट में ली जूंग सू ने गोल किया और दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हो गई।
डरबन स्टेडियम में दक्षिण कोरिया की ओर से पार्क चू योंग ने दूसरा गोल किया। खेल के 69वें मिनट में नाइजीरिया को पेनेल्टी मिला और याकूबो आयेगबेनी ने बिना कोई चूक किए गेंद को दक्षिण कोरिया गोलपोस्ट में डाल दिया। आखिरकार यह मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा।
अर्जेटीना के खिलाफ 0-2 से ग्रीस की हार के बाद ग्रुप-बी में दक्षिण कोरिया की टीम दूसरे स्थान पर रही। ऐसे में इस ग्रुप से अर्जेटीना के साथ वह भी अगले दौर में पहुंच गई। ग्रीस और नाइजीरिया को बाहर होना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications