एशिया कप : भारत के 4 विकेट गिरे (लीड-4)
भारतीय टीम ने गौतम गंभीर (15), दिनेश कार्तिक (66), विराट कोहली (28) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (38) के विकेट गंवाए हैं। भारतीय टीम ने 38 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट खोकर 193 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 24 और सुरेश रैना 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
चोटिल वीरेंद्र सहवाग के स्थान पर टीम में जगह पाने वाले सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने चयन को सार्थक साबित करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। कार्तिक ने 84 गेंदों पर नौ चौके लगाए और भारतीय पारी को मजबूती प्रदान की। उनका विकेट 146 रन के कुल योग पर गिरा।
167 रन के कुल योग पर कप्तान धौनी पेवेलियन लौटे। धौनी ने 50 गेंदों पर दो चौके लगाए। भारत ने अपना दूसरा विकेट विराट कोहली के रूप में गंवाया। कोहली ने 34 गेंदों पर चार चौकों की सहायता से 28 रन जोड़े। उनका विकेट लसिथ मलिंगा ने लिया। कोहली का विकेट 100 के कुल योग पर गिरा।
भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत करते हुए छह ओवरों की समाप्ति तक 36 रन बना लिए थे लेकिन सातवें ओवर की पहली गेंद पर तीन रन चुराने के फिराक में गंभीर को अपना विकेट गंवाना पड़ा। गंभीर 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 15 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। वह रन आउट हुए। गंभीर को रन आउट करने में उपुल थरंगा और नुवान कुलसेकरा ने योगदान दिया।
भारतीय टीम को जहां 15 साल बाद खिताब जीतने का इंतजार है वहीं श्रीलंका की कोशिश खिताबी हैट्रिक पूरी करने की होगी। भारत ने 1995 में शारजाह में इस खिताब पर कब्जा किया था। श्रीलंका की टीम ने 2006 और 2008 में लगातार दो बार इस खिताब पर कब्जा किया है। 2008 में एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में हुआ था। इस बार पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications