फीफा विश्व कप : ग्रुप स्तर पर 24 साल बाद हारा जर्मनी (लीड-6)
ग्रुप स्तर में जर्मनी को अंतिम बार 1986 में हार मिली थी। 24 साल पहले उसे डेनमार्क ने हराया था। इसके बाद जर्मनी की टीम लगातार ग्रुप स्तर में जीतती रही और अंतिम-16 में पहुंचती गई लेकिन इस बार सर्बिया ने उसके इस रिकार्ड पर ब्रेक लगा दिया।
सर्बिया ने यह मैच 1-0 के मामूली अंतर से जीता। जर्मनी 60वें मिनट में मिले पेनाल्टी के माध्यम से इस शर्मसार कर देने वाली स्थिति से खुद को बचा सकता था लेकिन उसने उसे यूं ही गंवा दिया।
60वें मिनट में मिले पेनाल्टी पर जर्मनी के स्टार खिलाड़ी लुकास पोदोलस्की गोल नहीं कर सके। जर्मनी को यह पेनाल्टी सर्बियाई खिलाड़ी नेमांजा विदिक द्वारा डी-क्षेत्र में फाउल खेलने के कारण मिली थी।
ग्रुप-डी के अपने पहले मैच में आस्ट्रेलिया को 4-0 से हराने वाली जर्मन टीम को अब अपने अगले मैच में घाना से भिड़ना है और उस मैच में उसके स्टार मिडफील्डर मारिस्लाव क्लोज नहीं होंगे। क्लोज के सर्बिया के खिलाफ 37वें मिनट में लाल कार्ड दिखाया गया था और तब से जर्मन टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेली।
दूसरी ओर, सर्बिया के लिए यह जीत काफी मायने रखती है क्योंकि अपने पहले मैच में घाना के खिलाफ 0-1 के अंतर से हार झेलने वाली यह जुझारू टीम अंतिम-16 में जगह बनाने की दौड़ में लौट आई है।
सर्बियाई टीम ने 1998 के बाद पहली बार विश्व कप में जीत हासिल की है। उसे लगातार पांच मैचों में पराजित होने के बाद जीत का स्वाद मिला है। सर्बियाई टीम ने 38वें मिनट में गोल करके 1-0 की बढ़त हासिल की थी। यह गोल मिलान जोवानोविक ने किया।
जोवानोविक ने निकोला जिगिक और मिलोस कार्सिक की मदद से इस गोल को अंजाम दिया। इस गोल ने खिताब जीतने का दावा कर रही जर्मन टीम की रक्षापंक्ति की पोल खोल दी। पोदोलस्की के प्रयास को नाकाम कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सर्बिया के गोलकीपर ब्लादिमीर स्टोजोकोविक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications