फीफा विश्व कप : सर्बिया जीता, जर्मनी की चौंकाने वाली हार (लीड-5)
सर्बिया के लिए यह जीत काफी मायने रखती है क्योंकि अपने पहले मैच में घाना के खिलाफ 0-1 के अंतर से हार झेलने वाली यह जुझारू टीम अंतिम-16 में जगह बनाने की दौड़ में लौट आई है।
सर्बियाई टीम ने 1998 के बाद पहली बार विश्व कप में जीत हासिल की है। उसे लगातार पांच मैचों में पराजित होने के बाद जीत का स्वाद मिला है। जर्मन टीम 1986 के बाद पहली बार ग्रुप स्तर में हारी है। 24 साल पहले उसे डेनमार्क के हाथों हार मिली थी।
नेल्सन मंडेला बे स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जर्मन टीम को 60वें मिनट में बराबरी करने का एक सुनहरा मौका मिला था लेकिन उसने उसे यूं ही गंवा दिया। 60वें मिनट में मिले पेनाल्टी पर जर्मनी के स्टार खिलाड़ी लुकास पोदोलस्की गोल नहीं कर सके।
जर्मनी को यह पेनाल्टी सर्बियाई खिलाड़ी नेमांजा विदिक द्वारा डी-क्षेत्र में फाउल खेलने के कारण मिला था। इससे पहले सर्बियाई टीम ने 38वें मिनट में गोल करके 1-0 की बढ़त हासिल की थी। यह गोल मिलान जोवानोविक ने किया।
जोवानोविक ने निकोला जिगिक और मिलोस कार्सिक की मदद से इस गोल को अंजाम दिया। इस गोल ने खिताब जीतने का दावा कर रही जर्मन टीम की रक्षापंक्ति की पोल खोल दी। इससे ठीक पहले 37वें मिनट में जर्मनी के स्टार खिलाड़ी मारिस्लाव क्लोज को लाल कार्ड दिखाया गया था।
इस कारण क्लोज को मैदान छोड़ना पड़ा। क्लोज की विदाई के बाद जर्मन टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। पूरे मैच के दौरान कुल नौ पीले कार्ड भी दिखाए गए। क्लोज अब 23 जून को घाना के साथ होने वाले मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।
फीफा रैंकिंग में जर्मनी को छठा स्थान प्राप्त है जबकि सर्बिया 15वीं वरीयता प्राप्त टीम है। सर्बिया के गोलकीपर ब्लादिमीर स्टोजोकोविक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस ग्रुप में घाना और आस्ट्रेलिया के बीच शनिवार को रस्टेनबर्ग में भिड़ंत होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications