एशिया कप : श्रीलंका का पहला विकेट गिरा (लीड-6)
जहीर खान ने तिलकरत्ने दिलशान के रूप में श्रीलंका को पहला झटका दिया। दिलशान ने 16 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। दिलशान का विकेट 38 रन के कुल योग पर गिरा।
मेजबान टीम ने नौ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 59 रन बना लिए हैं। उपुल थरंगा 34 गेंदों पर चार चौकों की सहायता से 27 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि कप्तान कुमार संगकारा ने एक रन बनाया है।
इससे पहले, फरवेज महरूफ (42/5) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को 209 रनों पर समेट दिया। भारतीय टीम 42.3 ओवर बल्लेबाजी कर सकी।
भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। रोहित अंतिम बल्लेबाज के तौर पर पेवेलियन लौटे। रोहित ने 73 गेंदों की शानदार पारी के दौरान सात चौके लगाए। श्रीलंका की ओर से महरूफ के अलावा रंगना हेराथ ने दो और एंजेलो मैथ्यूज ने एक विकेट हासिल किया। भारत के दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
रोहित के अलावा भारत के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 41 और दिनेश कार्तिक ने 40 रनों का योगदान दिया। धौनी ने 53 गेंदों पर छह चौके लगाए जबकि चोटिल वीरेंद्र सहवाग के स्थान पर टीम में शामिल किए गए कार्तिक ने 43 गेंदों पर छह चौके जड़े।
रोहित और धौनी ने पांचवें विकेट के लिए सर्वाधिक 79 रन जोड़े। इसके अलावा रोहित ने सुरेश रैना (18) के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी निभाई। पहले विकेट के लिए गौतम गंभीर और कार्तिक ने 58 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन भारतीय बल्लेबाज उसका फायदा नहीं उठा सके।
इस श्रृंखला में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले गंभीर मात्र 23 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। विराट कोहली (10) और रवींद्र जडेजा (0) ने निराश किया जबकि प्रवीण कुमार (0) जहीर खान (0) अशोक ढींढा (2) जैसे निचले और पुछल्ले बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं कर सके।
यह मुकाबला परिणाम के लिहाज से महज औचपारिकता ही है क्योंकि दोनों टीमें पहले ही फाइनल में अपना स्थान पक्का कर चुकी हैं। श्रीलंका ने मुथैया मुरलीधरन, थिलन समरवीरा, लसिथ मलिंगा और नुवान कुलसेकरा को आराम दिया है।
इनकी जगह फरवेज महरूफ, सूरज रांडीव, रंगना हेराथ और थिलिना कैन्डैम्बी को टीम में शामिल किया गया है। दूसरी ओर, भारत की ओर से सहवाग नहीं खेल रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वह चोटिल हो गए थे।
सहवाग के स्थान पर दिनेश कार्तिक को बतौर सलामी बल्लेबाज टीम में शामिल किया गया है। पाकिस्तान के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करने वाले ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह और तेज गेदंबाज आशीष नेहरा को आराम दिया गया है।
उनके स्थान पर प्रज्ञान ओझा और अशोक ढींढा को टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंकाई टीम ने अपने पहले लीग मैच में पाकिस्तान को 16 रनों से पराजित किया था। दूसरे मैच में उसने बांग्लादेश को पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।
भारत ने अपने पहले मैच में वीरेंद्र सहवाग की घातक गेंदबाजी और गौतम गंभीर की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश को छह विकेट से पराजित किया था। 19 जून को पाकिस्तान के साथ खेले गए दूसरे मैच में भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की थी।
चार देशों की इस प्रतियोगिता में भारत को 15 वर्ष से खिताब का इंतजार है। भारत ने आखिरी बार 1995 में यह खिताब जीता था। फाइनल 24 जून को होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications