मॉस्को। फीफा वर्ल्ड कप 2018 में तीसरे स्थान के लिए शनिवार को बेल्जियम और इंग्लैंड के बीच कड़ा मुकाबला होगा। ये दोनों ही टीमें कुछ दिन पहले तक विश्व विजेता का तमगा हासिल करने की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं थीं। लेकिन अब दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में हारकर उस रेस से बाहर हो चुकी हैं। अब एक दूसरे के सामने शनिवार को तीसरे स्थान के लिए जद्दोजहद करेंगी। दोनों के लिए इस मैच में ऊंचे मनोबल के साथ उतरना आसान नहीं होगा। विश्व कप फाइनल में न पहुंचना दोनों टीमों को बेशक चुभा होगा लेकिन अब समय है जब यह दोनों इससे बाहर निकल कर एक नए अंत को अंजाम दे सकती हैं और खुशी के साथ स्वदेश लौट सकती हैं।
इंग्लैंड के मैनेजर गेरेथ साउथगेट ने स्वीकार किया है कि कोई भी टीम विश्व कप में तीसरे स्थान का मैच नहीं खेलना चाहती, लेकिन शनिवार को सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में बेल्जियम को हराकर वे विश्व कप से जीत के साथ विदा लेना चाहेंगे। क्रोएशिया से अतिरिक्त समय में 1-2 से हारने के बाद इंग्लैंड विश्व कप फाइनल में जगह नहीं बना सका। वहीं बेल्जियम को दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस ने एक गोल से मात दी। गोल्डन बूट की दौड़ में इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन छह गोल के साथ सबसे आगे हैं, जबकि बेल्जियम के रोमेलू लुकाकू के चार गोल हैं।
बेल्जियम के लिए अच्छी बात यह है कि पहले सेमीफाइनल में बाहर बैठने वाले थॉमस म्यूनिएर इस मैच में वापसी कर रहे हैं और यह इंग्लैंड के लिए सिरदर्द वाली खबर साबित हो सकती है। गौरतलब है कि फ्रांस के खिलाफ बेल्जियम ने शानदार खेल दिखाया था। पहले हाफ में उसने फ्रांस से ज्यादा आक्रमण किए थे और उसके डिफेंस ने भी शानदार काम किया था। लेकिन, दूसरे हाफ में गोल खाने के बाद टीम बड़े मैच के दबाव में बिखर गई थी। इस मैच में बेल्जियम को अपनी इस गलती को दोहराने से बचना होगा। साथ ही लोमेलु लुकाकु को आगे आकर ईडन हेजार्ड का साथ देना होगा।
इस वर्ल्ड कप से पहले ही कहा जा रहा था कि ये बेल्जियम की गोल्डन जनरेशन टीम है। लेकिन बेल्जियम और उसकी सुनहरी पीढ़ी के खिलाड़ी 2022 में फिर लौटना चाहेंगे हालांकि विंसेंट कोंपनी और जान वर्टोनघेन टीम में नहीं होंगे। कोच राबर्टो मार्टिनेज विश्व कप में बेल्जियम को सर्वश्रेष्ठ नतीजा दे सकते हैं। बेल्जियम 1986 में चौथे स्थान पर रहा था।
वहीं इंग्लैंड के लिए भी ये आसान नहीं होने वाला है। इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में हार के बाद काफी बिखरी हुई सी लग रही है। बेल्जियम के डिफेंस के सामने इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन, जेसे लिंगार्ड और रहीम स्टर्लिंग को रोकने की चुनौती होगी। यह तीनों दूसरे सेमीफाइनल में बेअसर साबित हुए थे। इन तीनों ने क्रोएशिया के खिलाफ गोल करने के कई मौके गंवाए थे।
इंग्लैंड बनाम बेल्जियम - शाम 07:30 बजे (भारतीय समयानुसार)