मॉस्को। फीफा वर्ल्ड कप 2018 का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला सबसे ज्यादा बार (5) की विजेता ब्राजील और बेल्जियम के बीच शुक्रवार को रात साढ़े 11 बजे से खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम मंगलवार को सेमीफाइनल मैच में खेलेगी। ब्राजील टीम का आक्रमण और डिफेंस बेहद ही खतरनाक है, लकिन बेल्जियम के लिए ब्राजील के आक्रमण से ज्यादा खतरा उसका डिफेंस है, जिसने अभी तक एक ही गोल गंवाया है। बेल्जियम को बखूबी पता है इस मैच में अच्छा प्रदर्शन कर विश्व स्तर उभर कर सामने आने का उनके पास ये आखिरी मौका है।
बेल्जियम के स्टार डिफेंडर विनसेंट कंपनी ने बुधवार को कहा कि निश्चित तौर पर ब्राजील इस वर्ल्ड कप की सबसे बेहतरीन टीम है, लेकिन हम भी उनसे मुकाबला के लिए तैयार हैं। छठी बार विश्व कप जीतने का सपना लेकर उतरी ब्राजील की टीम फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से खेलेगी लेकिन उम्मीद के अनुसार यह मैच ब्लॉकबस्टर रहेगा। बेल्जियम की टीम 2014 में भी अंतिम-आठ में पहुंची थी जबकि उससे पहले 1986 में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
बेल्जियम फुटबॉल की सुनहरी पीढ़ी को बखूबी पता है कि यह मैच विश्व स्तर पर एक ताकत के रूप में उभरने का उनके पास आखिरी मौका है। इस टीम के कई खिलाड़ी 2022 में होने वाले विश्व कप में नहीं होंगे। बेल्जियम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई टीम जापान पर 3- 2 से रोमांचक जीत दर्ज की थी।
बेल्जियम ने जापान के खिलाफ दो गोल से पिछडने के बाद वापसी करते हुए 94वें मिनट में नासेर चाडली के गोल के दम पर जीत दर्ज की थी। वह विश्व कप नॉकआउट मैच में दो गोल से पिछडने के बाद जीत दर्ज करने वाली 48 साल में पहली टीम बनी।
बेल्जियम के पास चेल्सी के ईडन हेजार्ड, मैनचेस्टर सिटी के केविन डि ब्रूने और मैनचेस्टर युनाइटेड के रोमेलू लुकाकू जैसे बड़े सितारे हैं। लुकाकू अब तक 4 गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की रेस में उनका मुकाबला इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन (6) के साथ है। लुकाकू ने पनामा और ट्यूनीशिया के खिलाफ दो-दो गोल दागे थे लेकिन उसके बाद उनके पैरों से गोल नहीं निकले। अब लुकाकू के पास अहम मैच में गोल करने का मौका है।
वही दूसरी तरफ ब्राजील अपनी शानदार फॉर्म में है। खराब शुरुआत करने के बाद उसने धीरे-धीरे लय पकड़ ली है। नेमार चोट के चलते लंबे अंतराल के बाद सीधा विश्व कप में खेलने आए थे लेकिन वह टीम को यहां तक लाने में सफल हुए। उन्होंने अंतिम-16 के मैच में प्री-क्वार्टर फाइनल में मेक्सिको के खिलाफ जीत में एक गोल भी दागा था।
हालांकि ब्राजील को नेमार के अलावा कुटिन्हो, थियागो सिल्वा से भी काफी उम्मीदें होंगी। हालांकि ब्राजीली टीम के अहम सदस्य कैसेमिरो दो यलो कार्ड के चलते इस मैच में नहीं खेलेंगे जबकि डिएगो कोस्टा का भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण खेलना मुश्किल है।
बेल्जियम और ब्राजील के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2018 का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच भारतीय समय के अनुसार रात 11:30 बजे खेला जाएगा।