नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में बेहद कम समय बचा है। ऐसे में सभी टीमें अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर कर रही हैं। 14 जून से शुरू होने वाले इस महामुकाबले का फाइनल 15 जुलाई को रूस की राजधानी मॉस्को में खेला जाएगा। इस विश्वकप महामुकाबले में 32 टीमें हिस्सा लेंगी और उनके बीच 64 मुकाबले खेले जाएंगे। विश्वकप का आयोजन इस बार रूस कर रहा है, जिसके 11 शहरों में मैच खेले जाएंगे और फाइनल मुकाबला राजधानी मॉस्को के ल्युजिनिकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार विश्वकप में 32 टीमों को 4-4 के आठ अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया।
गौरतलब हो की हर ग्रुप से शीर्ष पर दो टीमें (कुल 16 टीमें) नाकआउट के लिए सेलेक्ट होंगी। इसे अंतिम 16 या राउंड 16 भी कहा जाता है। इसके बाद क्वार्टरफाइनल्स (8 टीमें) और फिर सेमीफाइनल (4 टीमें) होंगे। सेमीफाइनल्स की दो विजेता टीमों के बीच 15 जुलाई को मॉस्को के ल्युजिनिकी स्टेडियम में फीफा का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 14 जून को रूस और सऊदी अरब के बीच खेला जाएगा। हालांकि जर्मनी और ब्राजील की टीमों को इस विश्वकप के लिहाज से बहुत मजबूत माना जा रहा है लेकिन क्या ये अपने मजबूत ग्रुप से जीत सकेंगी जिसमें अर्जेंटीना, स्पेन और बेल्जियम जैसी टीमें हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन जर्मनी की अगर बात करें तो ये टीम इस सीजन आसान ग्रुप एफ में हैं जहां उनके साथ स्वीडन, कोरिया और मेक्सिको की टीम हैं। वहीं अगर ग्रुप बी की बात करें तो इस ग्रुप में 2010 की विजेता स्पेन मौजूद है यूरो की चैंपियन पुर्तगाल के साथ-साथ मोरक्को और ईरान इसे और कठिन बनाते हैं। वहीं अर्जेंटिना की टीम एक ट्रिकी ग्रुप में है जहां उसके साथ आइसलैंड, क्रोटिया और नाइजीरिया की टीम मुकाबला खेलेंगी। जबकि ब्राजील ग्रुप ई में स्वीटजरलैंड और कोस्टा रीका के साथ सरबिया के साथ मुकाबला खेलेगा।
मायखेल आपको हर ग्रुप के बारे में एनालिसिस करके बताएगा कि कौन से ग्रुप में कितना है दम? आज बात ग्रुप D की करेंगे।
ग्रुपः डी
देश: अर्जेंटीना, आइसलैंड, क्रोएशिया, नाइजीरिया
फिक्स्चर (मुकाबले):
मुख्य मैच: अर्जेंटीना बनाम क्रोएशिया
दिलचस्प लड़ाई: लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) बनाम इवान पेरिसिक (क्रोएशिया); जॉन ओबी मिकेल (नाइजीरिया) बनाम इवान राकिटिक (क्रोएशिया)
ग्रुप भविष्यवाणी: जर्मनी, फ्रांस और ब्राजील के साथ, अर्जेंटीना भी इस साल की विश्व कप ट्रॉफी जीतने वाली प्रमुख दावेदार टीम है। हालांकि उसके लिए फाइनल तक का सफर थोड़ा मुश्किल हो सकता है। अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में भी काफी मुश्किलें आईं थीं। पिछले साल की रनर-अप अर्जेंटीना ने क्वालिफाइंग में लियोनेल मेस्सी की हैट-ट्रिक के चलते रूस का टिकट कटाया था। हालांकि अर्जेंटीना टूर्नामेंट की फेवरेट टीमों में से एक है। ग्रुप में अर्जेंटीना के टॉप पर रहने के आसार हैं। लेकिन उसके लिए ये राह आसान नहीं होगी। इस ग्रुप में अर्जेंटीना, क्रोएशिया, नाइजीरिया, आइसलैंड जैसी टीमें हैं।
अर्जेंटीना के साथ अच्छी बात ये है कि उनके पास 'इतिहास का सबसे महान' खिलाड़ी लियोनल मेसी है। हालांकि माना जा रहा है कि मेसी का ये आखिरी वर्ल्ड कप है इसलिए टीम किसी भी प्रकार की गलती नहीं करेगी। फीफा विश्व कप 2018 के 'ग्रुप डी' में अर्जेंटीना और क्रोएशिया को ही सबसे मजबूत माना जा रहा है पर आइसलैंड और नाइजीरिया भी कमजोर नहीं। अर्जेंटीना पिछले वर्ल्ड कप की फाइनलस्ट है। तब उसे जर्मनी ने हराया था। कोई उलटफेर न हो तो टीम का अंतिम-16 में पहुंचना तय लग रहा है।
26 जून को सेंट पीटर्सबर्ग में नाइजीरिया का मुकाबला उस अर्जेंटीनी टीम से होगा जिसे उसने पिछले साल नवम्बर में हुए फ्रेंडली मुकाबले में 4-2 के अंतर से धोया था। इससे संकेत मिलता है कि 'सुपर ईगल्स' के नाम से मशहूर नाइजीरिया बड़ा उलटफेर करने में सक्षम है। वर्ल्ड कप के मंच पर इस अफ्रीकी टीम को काफी कुछ साबित करना है। इस बार नाइजीरिया ने एक मैच बाकी रहते ही वर्ल्ड कप का टिकट पा लिया था। स्टार खिलाड़ी एलेक्स इवोबी के अलावा इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेल चुके अहमद मूसा पर भी टीम की उम्मीदें टिकी हैं। इन दोनों के अलावा खासतौर पर अर्जेंटीना को आइसलैंड के बारे में नहीं भूलना चाहिए जो फीफा वर्ल्ड कप में पदार्पण कर रही है।
यूरोप के इस छोटे से देश पर सबकी निगाहें रहेंगी। क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान आइसलैंड के नौ खिलाड़ियों ने गोल करने में कामयाबी पाई थी, ऐसे में टीम को आसान समझना भूल होगी। इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेलने वाले ग्लिफी सिगुर्डसन काफी खतरनाक खिलाड़ी माने जाते हैं। क्वालीफायर्स में क्रोएशियाई टीम प्रभाव छोड़ने में नाकाम रही जबकि टीम के खिलाड़ी यूरोप के दिग्गज क्लबों से खेलते हैं। 1998 में क्रोएशिया ने तीसरा स्थान हासिल किया था। टीम में बेहतरीन मिडफील्डर हैं। आखिर में ये कहना सेफ होगा कि अर्जेंटीना ग्रुप में टॉप पर रहेगी।