नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2018 की शुरुआत रूस में हो चुकी है। इसी बीच इजिप्ट (मिस्र) के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल मिस्र के सुपरस्टार मोहम्मद सलाह कंधे की चोट से रिकवर हो गए हैं। और उरुग्वे के खिलाफ अपने पहले मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। ये जानकारी गुरुवार (14 जून) को मिस्र के कोच हेक्टर कूपर दी। कपर ने शुक्रवार को ग्रुप ए मैच से पहले कहा, "मैं आपको लगभग 100 प्रतिशत आश्वस्त कर सकता हूं कि वह खेलेंगे, आखिरी मिनट में अप्रत्याशित परिस्थितियों को छोड़ दीजिए।" आपको बता दें कि मिस्र का यह सुपरस्टार लीवरपूल के चैम्पियंस लीग फाइनल में रीयाल मैड्रिड से 26 मई को मिली हार के दौरान कंधे में चोट लगा बैठा था। गौरतलब है कि लिवरपूल के इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने पिछले सीजन में 44 गोल किए थे।
मिस्र के कोच का कहना है कि, "हम उसे आत्मविश्वास महसूस कराने की कोशिश कर रहे हैं। डॉक्टर उसे विकल्प दे रहे हैं कि वो चाहें तो खेले या नहीं। मैं सलाह को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं, वह डरा हुआ नहीं है। हम हमेशा जानते हैं कि हम मैच खेलते समय जोखिम का सामना कर रहे हैं, यह कुछ है जिसे हम छिपा नहीं सकते।" उन्होंने आगे कहा, "लेकिन अगर वह खेलने का फैसला करता है तो उसे अपनी शारीरिक स्थिति पर पूर्ण गारंटी मिलेगी और मुझे यकीन है कि वह ठीक रहेगा। और यदि वह नहीं खेलता है और आखिरी मिनट में कोई समस्या है तो हम इसे देखेंगे और देखेंगे कि क्या यह हल किया जा सकता है।"
14 जून से लेकर 15 जुलाई तक चलने वाले इस विश्वकप मुकाबले में 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। और उनके बीच 64 मुकाबले खेले जाएंगे। रूस के 11 शहरों में फुटबॉल वर्ल्ड कप का मैच खेला जाएगा और फाइनल मुकाबला राजधानी मॉस्को के लुजनिकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस विश्वकप में 32 टीमों को 4-4 के आठ अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया। हर ग्रुप से चोटी की दो टीमें सीधे नॉकआउट स्टेज में जाएंगी। फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले 11 और 12 जुलाई को खेले जाएंगे। वहीं खिताबी जंग 15 जुलाई को होगी।